उत्तर प्रदेश, वृन्दावन : रिपोर्ट दर्ज कराने के वास्ते थाने और चौकी के चक्कर काट रहा पिता
- 6 years ago
- 7676 views
Subscribe
Share
- States News
विकास अग्रवाल
टीटीआई न्यूज़
वृन्दावन (17-08-2020)
योगी सरकार में जैंत चौकी क्षेत्र ग्राम तोष निवासी एक नाबालिग बेटी अपने पिता के साथ न्याय की आस में दर दर की ठोकरें खाने को विवश है।
खाकी के सभी दरवाजों पर दस्तक दे चुके पीड़ित परिवार अब किसके द्वारे जाये, जहां उसे न्याय की उम्मीद जगे।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोस का नामजद युवक आये दिन उसकी पुत्री को अश्लील पत्र लिखकर घर के अन्दर फेंकता है।
लेकिन कईओं बार पीड़िता का पिता अपनी इज़्ज़त की खातिर उन पत्रों को फाड़कर फेंक दिया करता और पुत्री को समझाकर शान्त कर देता।
इन्तिहा उस वक़्त हो गई जब नामजद युवक विगत 2 अगस्त को देर सायं घर में घुस आया और लड़की के साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
शोर शराबा सुन परिवार के लोगों को आता देख युवक मौके से भाग खड़ा हुआ।
पीड़िता के पिता ने 112 पर कॉल की, करीब आधा घंटे बाद पहुंची पुलिस ने जैंत चौकी जाकर अर्जी देने की सलाह दी।
गांव के कुछ लोगों की बात मानकर पीड़ित परिवार चौकी नहीं गया।
लेकिन नामजद युवक उसी रात करीब एक बजे अपने साथियों के साथ नाबालिग को उठाने की नीयत से पुनः घर के अन्दर दाखिल हो गया।
आपसी खींचतान और कोलाहल सुनकर आये ग्रामीण मसीहा साबित हुए जिन्हें देख आरोपी फरार हो गये।
भागते भागते नामजदों पर जान से मारने की भी धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़ित परिवार दूसरे दिन सुबह के वक़्त जैंत चौकी पहुंचा, पुलिस को अपनी दरखास्त दी।
लेकिन तब से अब तक सिर्फ तारीखों के अलावा उन्हें कुछ नहीं मिल सका है।
रिपोर्ट दर्ज होने की बात तो दूर पुलिस को सच्चाई पता करने का वक़्त भी नहीं मिल पा रहा है।

