संघ कार्यालय पर हमला : 2 गिरफ्तार, 2 निलंबित
- 6 years ago
- 4786 views
Subscribe
Share
- States News
रॉकी गुप्ता
टीटीआई न्यूज़
मथुरा 30 दिसंबर 2020
मंगलवार को मथुरा के गोविंद नगर इलाके के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय केशव भवन पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें दो स्वयंसेवक घायल हो गए। सूचना पाकर संघ पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। हालांकि बाद में 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने मसानी चौकी के हेडकांस्टेबल और कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।
थाना गोविंद नगर क्षेत्र में कल्याणं करोति के पीछे आरएसएस का कार्यालय केशव भवन है। वर्तमान में यहां निर्माण कार्य चल रहा है। कुछ दिन से यहां खुले स्थान पर रखी निर्माण सामग्री पाइप और लोहे की सरिया आदि चोरी हो रही थी। सोमवार को संघ कार्यालय पर रहने वाले विद्यार्थियों ने सरिया चोरी करते हुए आजमपुर निवासी एक युवक को पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोप है कि पुलिस ने उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया। इसी बात को लेकर मंगलवार शाम करीब 4:15 बजे आजमपुर से एक समुदाय के दर्जनों युवकों और महिलाओं ने केशव भवन पर हमला बोल दिया। पथराव में वहां मौजूद छात्र स्वयं सेवक सोनू और पवन घायल हो गए। बवाल की सूचना पर सीओ सिटी वरुण कुमार सिंह और थानाध्यक्ष एमपी चतुर्वेदी मौके पर पहुंच गए।
सीओ सिटी ने बताया कि संघ कार्यालय पर पथराव करने के आरोप में तीन नामजद व करीब 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने नामजद आरोपी बबलू खान और मुख्तियार को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। वहीं अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
वहीं एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने भी घटना का संज्ञान ले कड़ी कार्यवाही के निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने कहा कि घटना में लिप्त लोग बख़्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने बताया कि लापरवाही बरतने पर मसानी चौकी के हेड कांस्टेबल शिशुपाल और कांस्टेबल मयंक को सस्पेंड कर दिया गया है।

