उत्तर प्रदेश, मथुरा : विश्व संगीत कुम्भ के 39वें दिन हुआ शाही स्नान सम्पन्न
- 6 years ago
- 4534 views
Subscribe
Share
- States News
मथुरा 30 अगस्त 2020
पद्मभूषण पं० सामता प्रसाद ट्रस्ट ऑफ तबला, प्रयागराज के तत्त्वावधान में पद्मभूषण पं० सामता प्रसाद जी की 101 वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित " विश्व संगीत कुम्भ " के 39 वें दिन सर्वप्रथम आचार्य पं. अनुपम राय जी के सुयोग्य पुत्र व शिष्य अनुरत्न राय का गायन हुआ। रामपुर सहसवान घराना के गायक अनुरत्न राय ने राग श्री की अवतारणा की।
विलंबित बड़ा ख्याल त्रिताल में - 'रेे मन कर गुरु को ध्यान' छोटा ख़्याल रचना आड़ा चौताल में - 'कान्हा संग मोहे लगन लगी' इसकी विशेषता है कि इसका मुखड़ा चौदहवीं मात्रा से उठता है। आपने पंजाब अंग का दादरा राग मिश्र पहाड़ी में - 'ना जा बलम परदेस' से अपने कार्यक्रम का समापन किया। आपके अद्भुत और मार्मिक गायन को देशभर से जुड़े गुणी दर्शकों/श्रोताओं द्वारा बेहद सराहा गया।
इसके पश्चात हाल ही में अकादमी सम्मान से नवाजे गए आचार्य पं. अनुपम राय जी का तबला एकल वादन हुआ। बीमारी के चलते लम्बे अंतराल बाद इस महान नाद, लय और नृत्य योगी की तबले पर थाप पड़ते ही देशभर के विद्वत संगीतज्ञ जुड़ते चले गए। आपने तीन ताल में फर्रुखाबाद, अजराड़ा, बनारस व पंजाब अंग की कुछ ख़ास रचनाएं, प्राचीन गतें और फर्द एवं चक्करदार बोल रचनाओं का वैविध्य प्रस्तुत कर सभी को चमत्कृत कर दिया।
कार्यक्रम के पूर्व कलाकारों ने पं. गुदई महाराज जी की स्मृति में दिया प्रज्ज्वलित कर उनको नमन किया। नीराजना शर्मा, दिल्ली ने कार्यक्रम का संचालन रोचक ढंग से किया। संगीत-मनीषी डॉ. राजेन्द्र कृष्ण अग्रवाल, मथुरा ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस ऑनलाइन समारोह में ट्रस्ट की सचिव व विश्व संगीत कुम्भ की संयोजिका डॉ० रेनू जौहरी, अध्यक्ष श्रीमती शकुन्तला जौहरी, संरक्षिका डॉ० शशि भारद्वाज, पर्यवेक्षक प्रो० पंकज माला शर्मा व श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव, डॉ. सीमा जौहरी, प्रो. विद्याधर प्रसाद मिश्र, पं. भोलानाथ मिश्र, विजय शंकर मिश्र, अलीशा मिश्र, डॉ. संध्या वर्मा, डॉ. कविता श्रीवास्तव, एकता विशाल बंसल, नागेन्द्र मिश्र, शिवांगी सक्सेना, एकता गुप्ता, विक्की कुमार आदि उपस्थित रहे।
ऊर्जा श्रीवास्तव, कामिनी निषाद, स्फूर्ति श्रीवास्तव, इंदाली शर्मा, दर्शी श्रीवास्तव, आलोक अग्रवाल, अंतस प्रकाश ने सक्रिय योगदान दिया।

