18 नवंबर को अंतिम सुनवाई वाले दिन श्री कृष्ण जन्मभूमि विवाद संबंधी याचिका का क्या फैसला होगा ?
- 6 years ago
- 5342 views
Subscribe
Share
- National News
योगेश खत्री
टीटीआई न्यूज़
मथुरा 16 अक्टूबर 2020
जनपद न्यायाधीश श्रीमती साधना रानी ठाकुर ने श्री कृष्ण जन्म भूमि विवाद संबंधी याचिका पर अगली अंतिम सुनवाई के लिए 18 नवंबर 2020 की तिथि नियत की है। याचिका पर उसी दिन अंतिम निर्णय होगा कि उसे खारिज किया जाए अथवा स्वीकार ?
उल्लेखनीय है कि रंजना अग्निहोत्री सहित दिल्ली और लखनऊ के आधा दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिवक्ताओं द्वारा श्री कृष्ण जन्म भूमि की 13.37 एकड़ भूमि को वापस दिलाए जाने और जन्म भूमि के समीप से ईदगाह को हटाए जाने संबंधी याचिका खारिज किए जाने संबंधी अपील जनपद न्यायाधीश की अदालत में की गई थी, जिस पर आज सुनवाई हुई।
इंचार्ज सिविल जज सीनियर डिवीजन श्रीमती छाया शर्मा द्वारा यह याचिका खारिज किए जाने के बाद वादी पक्ष ने लोअर कोर्ट के फैसले के विरुद्ध जनपद न्यायाधीश की अदालत में सोमवार को अपील की थी, जिस पर नियत तिथि के अनुसार आज शुक्रवार को सुनवाई हुई।
सुनवाई के पश्चात अपील को प्रथमत: स्वीकार किया गया और अंतिम निर्णय के लिए अंतिम सुनवाई की तिथि 18 नवंबर नियत की गई।
सीनियर सिविल लॉयर गोपाल खंडेलवाल के अनुसार अंतिम सुनवाई के बाद यदि जनपद न्यायाधीश महोदया द्वारा याचिका को सुनने योग्य पाया गया तो उस पर पुन: लोअर कोर्ट में ही सुनवाई होगी। अगर जनपद न्यायाधीश महोदया द्वारा याचिका को खारिज किए जाने संबंधी लोअर कोर्ट का निर्णय सही माना गया तो फिर वादी पक्ष के समक्ष हाईकोर्ट में अपील करने का रास्ता होगा।

