प्रदेशभर के साथ मथुरा में भी मना उत्तर प्रदेश दिवस, क्या बोले प्रभारी राज्य मंत्री?

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा 24 जनवरी 2026/ उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर बीएसए कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री / राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया। मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का फीता काटकर उद्घाटन / शुभारम्भ किया। उन्होंने बारी-बारी से विभागों की स्टॉलो का अवलोकन किया तथा उनके विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी ली।
मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी योजनाओं से अधिकाधिक लोगों को लाभांवित करे। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करे तथा योजनाएं आमजन तक पहुंचे ये हम सभी की जिम्मेदारी है। मंत्री ने उत्तर प्रदेश दिवस के संबंध में सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में मंत्री को पुलिस विभाग द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 
राष्ट्र प्रेरणा स्थल बसंत कुंज लखनऊ में विकसित भारत- विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ 'उत्तर प्रदेश दिवस 2026' का भव्य शुभारंभ हुआ। लखनऊ ने आयोजित उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बीएसए कॉलेज के सभागार में प्रभारी मंत्री / राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण आधिकारी विशाल कुमार, सहायक श्रमायुक्त एमएल पाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चन्द्र सहित कॉलेज के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा देखा गया।
बीएसए कॉलेज में आयोजित विकसित भारत- विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करता उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का भव्य समारोह का शुभारंभ मंत्री द्वारा मां सरस्वती जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस आयोजन में छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम / नृत्य की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में मंत्र ने सांस्कृतिक, पर्यटन, समाजसेवा, साहित्य, खेल तथा शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग उ0प्र0 लखनऊ द्वारा तैयार की गई लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में सामूहिक रूप से ‘‘वंदे मातरम्’’ गान का गायन किया गया।
मंत्री जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस है, जिसकी थीम विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत है। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन यानी 24 जनवरी, 1950 को संयुक्त प्रान्त का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश किया गया था। मई 2017 में उत्तर प्रदेश सरकार ने घोषणा की कि प्रति वर्ष 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जायेगा। 
वर्ष 2018 से प्रति वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के बिना भारत का विकास सम्भव नहीं है। भारत को विश्व शक्ति बनाने के लिए उत्तर प्रदेश का विकास जरूरी है। इसी के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश दिवस-2026 की थीम ‘‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’’ रखी गई है। उत्तर प्रदेश की स्थापना को एतिहासिक यादगार बनाने के लिए प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए आज ये भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मथुरा नगरी प्राचीन धरोहर, संस्कृति एवं परम्पराओं को अपने आप में सजोएँ हुए है। उन्होंने कहा कि विगत आठ वर्षों में प्रदेश सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। आज उत्तर प्रदेश अपनी स्थापना दिवस को 24 से 26 जनवरी तक पूरे उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मना रहा है। प्रदेश के प्रत्येक जनपद में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले उद्योग बंद हो रहे थे, बेरोजगारी बढ़ रही थी। लेकिन जब से हमारी सरकार आई है, उत्तर प्रदेश में विकास की नई गाथा लिखी गई है। आज नए-नए एक्सप्रेसवे बने हैं, एयरपोर्ट बने हैं, औद्योगिक कॉरिडोर विकसित हुए हैं। रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा हब बनकर उभरा है। आज हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बनने की ओर तेज़ी से अग्रसर है।
उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का भी कायाकल्प किया गया है। गाँव विकसित होगा तो जिला विकसित होगा, जिला विकसित होगा तो प्रदेश विकसित होगा और जब प्रदेश विकसित होगा तभी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विकसित भारत 2047 का संकल्प साकार होगा। कार्यक्रम में अंत में माननीय मंत्री, महापौर एवं मुख्य विकास अधिकारी ने बीएसए कॉलेज के परिसर में वृक्षारोपण किया। मंत्री ने मूलश्री का पौधा लगाया।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर बीएसए कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास विभाग, जिला उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, विद्युत विभाग, मिशन शक्ति पुलिस विभाग, पशुपालन विभाग, कौशल विकास विभाग, अग्रणी बैंक, मत्स्य विभाग उद्यान विभाग, कृषि विभाग आदि द्वारा स्टाल / प्रदर्शनी लगाई गई।

Also Watch

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500


अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर