मथुरा- खौफनाक साजिश: बहू ने की सास की हत्या, कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम

Subscribe






Share




  • National News

मनीष शर्मा। मथुरा 12 मार्च 2026

मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही सास की हत्या कर दी। हत्या को छिपाने के लिए उसने पहले इसे हार्ट अटैक बताकर परिवार को गुमराह किया और शव को दफना भी दिया गया। हालांकि कुछ दिनों बाद एक झगड़े के दौरान बहू के मुंह से सच्चाई निकलने पर पूरा मामला उजागर हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

फोन कर बताया – अम्मी को आया अटैक

जानकारी के अनुसार, मथुरा के भंकरपुर बसेला गांव निवासी अनवर (50) अपनी पत्नी अनवरी (52) के साथ रहते थे। उनका बेटा आमिर (26) और खुद अनवर नोएडा में ड्राइवरी का काम करते हैं। आमिर की शादी वर्ष 2020 में हाथरस जिले के गांव कोटा कपूरा की रहने वाली हिना (24) से हुई थी। घर पर आमतौर पर अनवरी और उनकी बहू हिना ही रहती थीं।

2 मार्च की रात हिना ने अपने पति आमिर को फोन कर बताया कि उसकी मां यानी अनवरी बोल नहीं रही हैं और शायद उन्हें साइलेंट हार्ट अटैक आया है। यह खबर सुनते ही आमिर और उसके पिता नोएडा से गांव के लिए रवाना हो गए।

घर पहुंचने के बाद परिवार ने हिना की बात पर भरोसा कर लिया। 3 मार्च को रिश्तेदारों और परिवार के लोगों की मौजूदगी में अनवरी के शव को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। उस समय किसी को भी हिना पर कोई शक नहीं हुआ और घर में मातम का माहौल बना रहा।

झगड़े में खुला हत्या का राज

घटना के तीन दिन बाद 6 मार्च को हिना और उसकी ननद अमीना के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया। बहस के दौरान गुस्से में हिना ने कह दिया कि उसने ही अमीना की मां को मार डाला है और चाहो तो उसका कुछ भी नहीं बिगाड़ सकते। यह सुनते ही अमीना के होश उड़ गए।

अमीना ने तुरंत अपने पिता अनवर और भाई आमिर को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार को शक गहराने लगा।

पड़ोसी से अफेयर की बात आई सामने

अगले दिन 7 मार्च को अनवर ने गांव के लोगों से पूछताछ की। तब पता चला कि पड़ोस में रहने वाला आदिल (19) अक्सर हिना से मिलने उसके घर आता-जाता था। कई लोगों ने बताया कि उसे रात में घर के अंदर जाते और सुबह बाहर निकलते भी देखा गया था।

इस जानकारी के बाद अनवर को शक यकीन में बदल गया और उन्होंने 8 मार्च को पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और 9 मार्च को जिला प्रशासन से शव को कब्र से निकालने की अनुमति ली। इसके बाद 10 मार्च को अनवरी के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

देर रात आई रिपोर्ट में साफ हो गया कि अनवरी की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि गला दबाकर उनकी हत्या की गई थी।

पूछताछ में बहू ने कबूला अपराध

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने 10 मार्च की रात हिना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। हिना ने बताया कि पिछले करीब दो साल से उसका पड़ोसी आदिल के साथ प्रेम संबंध था।

2 मार्च की रात जब आदिल घर आया हुआ था, उसी दौरान अनवरी की नींद खुल गई और उन्होंने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। राज खुलने के डर से हिना और आदिल ने मिलकर अनवरी को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।

हिना के अनुसार, घटना की रात उसने अपनी सास के पैर पकड़ लिए, जबकि आदिल ने तकिए से उनका गला दबा दिया। हत्या के बाद आदिल अपने घर चला गया और हिना ने पति को फोन कर साइलेंट हार्ट अटैक से मौत की कहानी सुना दी।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

हिना के बयान के आधार पर पुलिस ने 11 मार्च को आरोपी आदिल को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

यह भी देखें- मथुरा के मुख्य होली मिलन समारोह की विशेष कवरेज

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500


अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर