गौ सेवा ब्रज क्षेत्र की पहचान हो- योगी

Subscribe






Share




  • States News

गौ सेवा ब्रज क्षेत्र की पहचान हो- योगी

विकास अग्रवाल

टीटीआई न्यूज़

वृन्दावन (14-02-2021)

 

कुम्भ पूर्व वैष्णव बैठक के कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब मेरे  सामने पहली बार इस कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक का प्रस्ताव आया तो हमने सहमति तो दे दी लेकिन बहुत बड़ी समस्या थी कि कोरोना के चलते सभी कार्यक्रम बाधित हो रहे थे। 12 वर्ष के बाद ये उत्सव आता है। आज बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार में तो उसी भावना के अनुसार इस कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक का दिव्यता और भव्यता के साथ आयोजन होना चाहिए। जैसे 2019 में प्रयागराज में कुंभ का हुआ था। यह आस्था का सम्मान है। आस्था के बारे में जानकारी लेना हो तो ब्रज क्षेत्र से पवित्र भूमि और कौन सी हो सकती है। यहां के कण कण में ईश्वर का वास है। यह भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि है। बांके बिहारी और राधा रानी की यहां अपार कृपा रही है। उसी के चलते हम यहां इस वैष्णव बैठक की दिव्यता और भव्यता के साथ एक नई ऊंचाई की ओर अग्रसर कर रहे हैं। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि हमें अपनी परम्परा और सांस्कृतिक विरासत पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए। इस धरती ने हम पर कृपा की है कि हम सेवा कर पा रहे हैं।  इन सब कार्यक्रमों के साथ जुड़कर हमारा जीवन धन्य हो गया है। हमें ब्रज क्षेत्र को एक नई पहचान देनी है। यहां की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ दुनिया के सामने एक स्वरूप में प्रस्तुत करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गौ सेवा व संरक्षण के लिए विशिष्ट योजनाऐं चलाई है। आप सब उससे जुड़िए। जब तक ब्रज क्षेत्र में गौ सेवा का कार्य होगा तब तक ब्रज क्षेत्र धन्य धान्य से परिपूर्ण होकर भगवान श्रीकृष्ण की स्मृतियों को हम सबके लिए स्नेह का जीवंतता प्रदान करती रहेगी। इसलिए गौ सेवा यहां की पहचान बननी चाहिए। उन्होंने यमुना की स्वच्छता पर कहा कि अगर दिल्ली के अंदर दिल्ली की राज्य सरकार यमुना जी को शुद्ध कर ले तो बाकी की जिम्मेदारी हमारी है। हम यमुना जल को केवल स्नान करने लायक ही नहीं बल्कि आचमन करने लायक बनाना चाहते हैं। इसके लिए जल संसाधन मंत्री भी साथ आए हैं कि इस कार्य को कैसे आगे बढ़ाया जाए। ब्रज क्षेत्र जिस कार्य के लिए कहेगा हम वहीं कार्य करके दिखाएंगे। हमारा लक्ष्य इस ब्रज क्षेत्र को वैश्विक पटल पर लोगों के सामने रखकर रोजगार और आस्था को सम्मान दिलाना व नौजवानों को नौकरी से जोड़ने का है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि संतों के सानिध्य में इस वैष्णव बैठक को स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ इस रूप में प्रस्तुत करने की आवश्यकता है कि हर बार इसे करने का अवसर प्राप्त होता रहे। मुख्यमंत्री ने राधे राधे के साथ अपना उद्बोधन समाप्त किया।

इससे पूर्व योगी ने कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और 411 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया। सूबे के मुखिया ने नवनिर्मित देवराहा बाबा घाट पर यमुना महारानी की आरती की।

इस मौके पर सांसद हेमा मालिनी, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा और कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने भी अपने विचार रखे।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500


अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर