रालोद ने सपा और किसानों को साथ लेकर फूंका संघर्ष का बिगुल, साथ रहेंगे-साथ मरेंगे : जयंत-धर्मेंद्र

Subscribe






Share




  • National News

योगेश खत्री/रॉकी गुप्ता

मथुरा 12 अक्टूबर 2020

राष्ट्रीय लोकदल ने हाथरस केस और किसानों से जुड़े कानूनों के विरोध में आज मथुरा में महापंचायत की, जिसमें जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव और एमएलसी डॉ. संजय लाठर और किसानों को साथ लेकर भाजपा सरकारों पर चढ़ाई की, जिससे "यूपी में भविष्य में भूत की राजनीति के रिन्यू होने" के संकेत मिले। 

"किसान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ" महापंचायत मथुरा में हाईवे स्थित बालाजीपुरम में हुई, जिसे सफल बनाने के लिए रालोद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सिर्फ मथुरा ही नहीं, आसपास के हाथरस, अलीगढ़ और आगरा आदि जिलों में भी पूरी ताकत झोंक दी थी।

महापंचायत में जयंत चौधरी दोपहर में पहुंचे। उनके थोड़ी देर बाद समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव अपने कार्यकर्ताओं के साथ रैली में पहुँचे। आरएलडी कार्यकर्ताओं ने दोनों पूर्व सांसदों का जोरदार स्वागत किया।

राष्ट्रीय लोकदल की किसान बचाओ लोकतंत्र बचाओ रैली में सपा के एमएलसी डॉ. संजय लाठर भी शामिल हुए। डॉ. लाठर ने बताया कि हजारों समाजवादी समर्थकों ने इस रैली में सहभागिता की है। उन्होंने कहा कि आज किसान की पीठ पर लाठी मारने का काम योगी और मोदी सरकार कर रही है। समाजवादी पार्टी सड़क से संसद तक इसका विरोध करेगी।

वहीं  आरएलडी के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि पंचायत ने फैसला लिया है कि हम लोगों को सड़कों पर संघर्ष करना है, साथ रहेंगे, साथ मरेंगे। 17 तारीख को हम बुलंदशहर में प्रोग्राम करेंगे, राजनीतिक तौर पर जवाब दिया जाएगा। हमारी मंशा यह नहीं है कि उत्तर प्रदेश में हालात बिगड़ें, इसके लिए हम लोग हाथरस गए थे, रेप की घटनाएं रुक नहीं रही हैं, पिछले वर्ष केंद्रीय मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 3065 लड़कियों के साथ रेप हुआ, योगी जी को जवाब देना पड़ेगा, जो उन्होंने बड़े-बड़े भाषण दिए थे और जो वादे किए थे, आज जो हमारे प्रदेश में तानाशाही चल रही है और जो कानून व्यवस्था दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। 

इन अव्यवस्थाओं और किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करेंगे। पुलिस की भर्ती होनी चाहिए। पुलिस भर्ती में भी 33 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती होनी चाहिए। योगी जी को हाथरस जाकर पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए।

वहीं समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आज हम दोनों पार्टियो ने किसानों के साथ महापंचायत की है। किसानों की समस्याओं को सुना है। हम किसानों की आवाज को उठाने का काम कर रहे हैं। आज किसान जयंत चौधरी के ऊपर हुए लाठीचार्ज को लेकर आक्रोशित हैं। हम लोग भी इस घटना का विरोध करते हैं। हाथरस में जो घटना हुई है, उसके आरोपियों को कठोर से कठोर कार्यवाही होनी चाहिए। सरकार आरोपियों को बचाने का काम कर रही है। मीडिया, प्रशासन और विपक्ष के सामने दोषी अराजकता फैला रहे हैं।

दोनों पार्टियों के साथ होने संबंधी सवाल के जवाब में कहा कि हमारा पहले भी गठबंधन था, अभी है और आगामी चुनाव में भी हमारा गठबंधन रहेगा।

महापंचायत में सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ती दिखीं। जहां एक ओर सरकार कोरोना की रोकथाम के प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक जगह हजारों व्यक्तियों का एकत्र होना प्रशासन की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े करता है। सवाल यह उठता है कि इतने बड़े कार्यक्रम की अनुमति क्या प्रशासन ने दी थी या बिना अनुमति के ही इतना बड़ा आयोजन हो गया।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500