योग्य नागरिक बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए : दीक्षा श्री

Subscribe






Share




  • States News

पीयूष पुरोहित 

मथुरा 13 नवंबर 2020

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मथुरा श्रीमती साधना रानी ठाकुर के निर्देशानुसार आज दिनांक 13 नवंबर 2020 को बाल दिवस के अवसर पर जिला कारागार मथुरा स्थित महिला बैरक में एक विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन केंद्र व राज्य सरकार तथा उच्च न्यायालय द्वारा कोविड-19 के दृष्टिगत पारित दिशानिर्देशों का अनुपालन करते हुए किया गया, जिसकी अध्यक्षता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मथुरा श्रीमती दीक्षा श्री द्वारा की गई। 

बाल दिवस 14 नवंबर 2020 को दीपावली पर्व का अवकाश होने के कारण यह आयोजन आज 13 नवंबर 2020 को किया गया। इस अवसर पर जेलर महाप्रकाश सिंह, डिप्टी जेलर संदीप कुमार, जिला मुख्यालय पर नियुक्त पराविधिक स्वयंसेवक देवकीनंदन शर्मा सहित जिला कारागार मथुरा में निरुद्ध महिला बंदीगण उपस्थित रहे।  निरीक्षण के दौरान जिला कारागार मथुरा की महिला बैरक में 75 महिला बंदी तथा 15 छोटे बच्चे उपस्थित पाए गए, जो अपनी माताओं के साथ रह रहे हैं।

 

विधिक साक्षरता शिविर का संचालन डिप्टी जेलर संदीप कुमार द्वारा करते हुए इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

 

जेलर महाप्रकाश सिंह द्वारा उपस्थित महिला बंदियों को बालकों की देखरेख एवं संरक्षण, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि विधिक विषयों पर प्रकाश डाला गया।

 

विधिक साक्षरता शिविर की अध्यक्षता करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मथुरा श्रीमती दीक्षा श्री द्वारा अवगत कराया गया कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन 14 नवंबर को आता है। इस दिन को विशेष तौर पर बाल दिवस के रुप में मनाया जाता है, क्योंकि नेहरू जी को बच्चों से बहुत लगाव था और बच्चे उन्हें चाचा नेहरू पुकारते थे। बाल दिवस बच्चों को समर्पित भारत का राष्ट्रीय त्यौहार है। देश की आजादी में भी नेहरू जी का बड़ा योगदान था। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश का उचित मार्गदर्शन किया था। बाल दिवस बच्चों के लिए महत्वपूर्ण दिन होता है। सभी बच्चे इस दिन चाचा नेहरू का प्रेम से स्मरण करते हैं। बच्चों का सही स्थान कल-कारखाने नहीं, बल्कि स्कूल हैं। बच्चों के रहन-सहन के स्तर को ऊंचा उठाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इन्हें स्वस्थ, निर्भीक और योग्य नागरिक बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए। यही बाल दिवस का संदेश है। श्रीमती दीक्षा श्री द्वारा उपस्थित सभी महिला बंदियों व बच्चों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी बच्चों के स्वास्थ्य व उज्जवल भविष्य की कामना की गई।

 

कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मथुरा तथा जिला कारागार मथुरा द्वारा बच्चों को उपहार प्रदान किए गए, जिन्हें पाकर बच्चे बहुत खुश हुए।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500


अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर