मथुरा के डीएम-एसएसपी ने किया बृज 84 कोस परिक्रमा का निरीक्षण

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा 16 मई 2026/ जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने ब्रज 84 कोस परिक्रमा का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों की सुविधाओं हेतु ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से परिक्रमा मार्ग का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रज 84 कोस परिक्रमा के अंतर्गत तहसील मांट के क्षेत्र (उमरारा, गढ़ी हुलासी, नसीटी, नगला पैसला, नगला डेहरिया, हरनोल, टैंटीगांव, सुरीर, सुल्तानपुर, मीरपुर, पिथोरा) के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी मांट दीपिका मेहर, क्षेत्राधिकारी मांट संदीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गुलवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
          जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, प्रमुख पड़ाव स्थलों, मुख्य मार्गों/ सड़कों, पुलियों आदि का अवलोकन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गड्ढामुक्त सड़कें एवं मार्ग के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ब्रज 84 कोस परिक्रमा पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
         जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पेयजल एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान आकर्षित करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि संपूर्ण परिक्रमा मार्ग पर नियमित दूरी पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मोबाइल टॉयलेट / स्थाई टॉयलेट की व्यवस्था की जाए तथा दिशा सूचक चिन्ह लगाए जाए। उन्होंने टूटी पुलिया की मरम्मत तथा अधिक जीर्ण-शीर्ण पुलियों पर नई पुलिया बनाने के निर्देश दिए।
         जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने उप जिलाधिकारी मांट दीपिका मेहर को निर्देश दिए कि नियमित अंतराल पर चिकित्सा शिविर / कैंप लगाए जाए तथा 24x7 एम्बुलेंस तैनात की जाए।
          वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने क्षेत्राधिकारी मांट तथा थाना अध्यक्षों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भीड़ के दृष्टिगत सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। सीसीटीवी कैमरा, बैरियर, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन व पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। खोया-पाया केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए तथा घाटों/नदियों/नहरों के आस-पास निरंतर गस्त करने के निर्देश दिए।
             जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल को निर्देश दिए कि नियमित सफाई, कूड़ेदान एवं अस्थायी ठहराव स्टॉल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने भंडारों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों व परिक्रमार्थियों से वार्ता भी की तथा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन है और इसकी गरिमा बनाए रखना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं को परिक्रमा लगाने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर