मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, दो बसों और कैंटर की टक्कर में 35 तक घायल

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा। 29 अक्टूबर 2026

मथुरा के मांट थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे में 30 से 35 लोगों के घायल होने की खबर है। माइलस्टोन 101 के पास दो यात्री बसें कांच से लदे एक कैंटर से टकरा गईं। टक्कर के बाद कैंटर सड़क पर पलट गया, जबकि वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, वहीं फायर स्टेशन प्रभारी किशन लाल ने दमकल कर्मियों के साथ राहत एवं बचाव कार्य संभाला। एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी की मौत की सूचना सामने नहीं आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा से आगरा की ओर जा रहे कांच से भरे आयशर कैंटर को पीछे से आ रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस ने ओवरटेक के दौरान टक्कर मार दी। इसी बीच पीछे से पहुंची ट्रैवल प्वाइंट की एक अन्य बस भी कैंटर से जा भिड़ी। लगातार दो टक्कर लगने से कैंटर बेकाबू होकर पलट गया और बसों में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे में फिरोजाबाद के कश्मीरी गेट निवासी चांदनी पत्नी मेराज, आमिर पुत्र अफसर, वसीम पुत्र सलीम और अजर बानो पत्नी साबिर सिद्दीकी के घायल होने की जानकारी मिली है। इनके अलावा आजाद समेत कई अन्य यात्री भी चोटिल हुए हैं। घायलों को जेपी और सरकारी एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटवा दिया गया है। इसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू करा दिया गया। पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर