आदेश बंद करने का, फिर भी खोल दिया गेट

Subscribe






Share




  • National News

आदेश बंद करने का, फिर भी खोल दिया गेट

मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म-8 पर वीआईपी गेट को लेकर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था कठघरे में, पानी की सप्लाई के नाम पर खुला रखने का आरोप

मथुरा। रेलवे के उच्च अधिकारियों के निर्देश भी मथुरा जंक्शन पर बेअसर साबित हो रहे हैं। प्लेटफार्म नंबर आठ पर लगे वीआईपी गेट को बंद रखने के लिए लिखित निर्देश दिए जाने के बावजूद गेट दोबारा खोल दिए जाने की शिकायत सामने आई है। गेट खोलने के पीछे पानी की सप्लाई का तर्क दिए जाने का आरोप है। सवाल यह है कि जब पानी की सप्लाई के लिए गेट खोलना जरूरी था तो सप्लाई के बाद उसे बंद क्यों नहीं किया गया?

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, संबंधित रेलवे अधिकारियों को गेट बंद करने संबंधी लिखित आदेश प्राप्त हुआ था। इसके बावजूद कुछ समय बाद गेट फिर खोल दिया गया। आरोप है कि स्टाल संचालकों और पानी की सप्लाई से जुड़े लोगों की सुविधा के लिए गेट को खुला रखा गया है।

सुरक्षा से समझौता क्यों?

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। ऐसे में प्लेटफार्म तक पहुंच देने वाला अतिरिक्त गेट लगातार खुला रहने से अनधिकृत आवाजाही की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। शिकायतकर्ताओं ने इसे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की है।

उनका कहना है कि दूसरे स्टेशनों पर पानी की सप्लाई के दौरान संबंधित कर्मचारी को गेट की चाबी दी जाती है और काम पूरा होने के बाद गेट बंद कर दिया जाता है। यदि मथुरा जंक्शन पर भी यही व्यवस्था अपनाई जाए तो पानी की सप्लाई भी प्रभावित नहीं होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहेगी।

आदेश किसने बदला, गेट किसके कहने पर खुला?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब गेट बंद रखने का लिखित निर्देश जारी हुआ था तो उसे दोबारा खोलने की अनुमति किस अधिकारी ने दी? क्या गेट खोलने से पहले उच्च अधिकारियों से अनुमति ली गई? यदि ली गई तो उसका लिखित आदेश कहां है? और यदि पानी की सप्लाई के कारण गेट खोला गया है तो उसे स्थायी रूप से खुला रखने का आधार क्या है?

मामले की शिकायत महाप्रबंधक प्रयागराज, डीआरएम आगरा, सीनियर डीसीएम आगरा, आरपीएफ कमांडेंट आगरा और स्टेशन डायरेक्टर मथुरा को भेजकर जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है। अब निगाहें रेलवे के उच्च अधिकारियों की जांच पर हैं।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर