मथुरा- शादी का कार्ड न मिलने से नाराज दामाद ने ससुर की हत्या की, बेटे की बारात लेकर निकले थे मृतक

Subscribe






Share




  • National News

मनीष शर्मा। मथुरा 21 नवंबर 2026

मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में बेटे की शादी के दौरान एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आरोप है कि शादी का निमंत्रण पत्र नहीं मिलने से नाराज दामाद ने दूल्हे के पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को खेत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया। बारात के पहुंचने के दौरान दूल्हे के पिता की मौत की खबर सामने आई, जिसके बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे गोवर्धन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। खेत में शव पड़ा होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और मृतक के परिवार को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, अलीगढ़ जिले के इगलास क्षेत्र स्थित बसई गांव के रहने वाले 62 वर्षीय ओमप्रकाश अपने बेटे की शादी के लिए शुक्रवार रात बारात लेकर गोवर्धन कस्बे पहुंचे थे। बारात मंडी के नजदीक पहुंची, जहां शादी की रस्मों से पहले बाराती नाच-गाने में व्यस्त थे।

इसी दौरान कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और उन्होंने बताया कि दुल्हन के घर के पास खेत में ओमप्रकाश का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही दूल्हा और उसके परिजन खेत की ओर गए। वहां शव देखकर परिवार ने ओमप्रकाश की पहचान की।

मृतक के बेटे अरविंद (22) ने पुलिस को दी गई शिकायत में अपने जीजा को पिता की हत्या का जिम्मेदार बताया है।

अरविंद के अनुसार, शादी का कार्ड नहीं दिए जाने को लेकर उसका जीजा नाराज था और इसी बात पर उसने पहले ही पिता को धमकी दी थी।

शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने शादी से पहले कहा था कि विवाह वाले दिन घर में खून बहेगा। अरविंद का दावा है कि उसका जीजा शादी समारोह में भी नहीं आया था और उसी ने उसके पिता की हत्या की है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी

परिजनों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर आरोपी जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की।

दूल्हे के पिता की हत्या के बाद शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर