संस्कृति विवि में दिग्गजों ने पुरानी धारणाओं को त्याग नए विचार अपनाने का दिया संदेश

Subscribe






Share




  • States News

किशन चतुर्वेदी। मथुरा 21 नवंबर 2026

पुरानी धारणाओं को तोड़कर नए विचारों को अपनाने के संदेश के साथ संस्कृति विश्वविद्यालय के संतोष मैमोरियर आडिटोरियम में 'टेडएक्स संस्कृति यूनिवर्सिटी मथुरा 2026'  का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। 'द आर्ट ऑफ अनलर्निंग' थीम पर आधारित इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में पत्रकारिता, उद्यमिता, मानसिक स्वास्थ्य और नेतृत्व क्षेत्र की दिग्गज हस्तियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं ने भी अपने प्रेरक अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:00 बजे पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ब्रज-वृंदावन की समृद्ध लोक संस्कृति को दर्शाती मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसकी सभागार में मौजूद अतिथियों और दर्शकों ने करतल ध्वनि से सराहना की।

दिन भर चले विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने जीवन की जटिलताओं को सुलझाने और पुरानी मानसिक बेड़ियों को छोड़ने पर अपने विचार रखे। 'आज तक' के सीनियर एंकर और एडिटर सुमित चौधरी ने "बिटवीन बुलेट्स एंड बॉम्ब्स, आई डिस्कवर्ड द मीनिंग ऑफ लाइफ" विषय पर बोलते हुए युद्ध और संकटग्रस्त क्षेत्रों में पत्रकारिता के अपने चुनौतीपूर्ण अनुभवों और वहां से सीखे गए जीवन के वास्तविक अर्थ को साझा किया। उन्होंने कहा कि मैंने इस दौर में बहुत कुछ सीखा लेकिन सबसे महत्वपूर्ण नागरिकों का अपने देश के प्रति सम्मान कैसा रखना चाहिए, यहां सीखा। जो भी काम करना है अभी करना है इस सोच के साथ जीना चाहिए।

टॉपर्सकोड प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक एवं निदेशक डॉ. मानस पांडे ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में विचारों को प्रभावशाली रूप देने की कला पर प्रकाश डाला। उन्होंने विदुर नीति का हवाला देते हुए बताया कि सफलता क्या है। उन्होंने कहा कि आपसे सबकुछ छीना जा सकता है लेकिन आपके ज्ञान को कोई नहीं छीन सकता। यह बांटने से कम भी नहीं होता।  वहीं, मेडिकैश और नेक्सेरा हेल्थ के संस्थापक एवं सीईओ हिमांशु राजपुरोहित ने "टैंजेंट ऑफ टैंजिबिलिटी" और उद्यमी शेरिल गुप्ता ने बदलते दौर में "प्लान बी इज़ द न्यू प्लान ए" की महत्ता को रेखांकित किया।

युवा उद्यमी शेरिल गुप्ता ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि कौशल आपके सर्टिफिकेट से ज्यादा काम आता है।

संस्कृति यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने ऐसे नेतृत्व निर्णयों पर अपने विचार व्यक्त किए जो आने वाली पीढ़ियों को सकारात्मक रूप से प्रभावित करते हैं। उन्होंने अवसरों का निर्माण करने वाले बनने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अवसर का इंतजार करने वाले न बनें। विजन दिव्यांग फाउंडेशन के संस्थापक मुकेश जी गुप्ता ने "चूज़ टू बी योरसेल्फ" के जरिए खुद को स्वीकार करने को कहा। उन्होंने कहा कि दूसरे को जानने से बेहतर है पहले खुद को जानना। कभी अपने आप से बात करने की कोशिश करनी चाहिए। विरॉक बाय टैटीवाल की मैनेजिंग पार्टनर अक्षरा टैटीवाल केडिया ने सामाजिक दायरों से बाहर निकलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

होप एंड केयर सेंटर की प्रबंध निदेशक डॉ. अलका चड्ढा ने "बी ए रिवर, नॉट ए रॉक" के माध्यम से मानवीय जुड़ाव के लिए अहंकार त्यागने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि हमें पानी से सीखना चाहिए, वह ऊपर से नीचे बहता है और कठोर पत्थर को भी घिसकर सौम्य बना देता है।  दीक्षा लाइफ की संस्थापक डॉ. दीक्षा अवस्थी ने समाज में हमेशा 'अच्छा बने रहने' के छिपे हुए मानसिक दबाव पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमेशा सकारात्मक रहें। इन्फिनिटी पर्सनैलिटी डेवलपमेंट की ग्लोबल सीईओ भावना जुनेजा ने खुद को रोकने वाली पुरानी धारणाओं को तोड़ने का साहस जुटाने की बात कही। भावना जुनेजा ने पर्सनेल्टी डवलपमेंट पर बात की और अस्वीकार करने के साहस को पैदा करने की बात कही।

कलाकार और पूर्व सैन्य अधिकारी महोम्मद अली शाह ने एक कहानी के माध्यम से हार के डर से प्रयास न छोड़ने की बात कही। नन्हे वक्ता और युवाओं ने जीता दिल कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवा और नन्हे वक्ताओं की बेबाक प्रस्तुति

रही। सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल के कक्षा पाच के छात्र दर्श अग्रवाल ने "द इनविज़िबल बैगेज वी कैरी" विषय पर अपनी परिपक्व सोच से सभी को प्रभावित किया। उस बच्चे के अपनी बात कहने के मौलिक अंदाज ने सभी को बहुत प्रभावित किया।

वहीं, संस्कृति यूनिवर्सिटी की फॉरेंसिक साइंस की स्नातक छात्रा गुनगुन विश्वासी ने सफलता की तरह ही असफलता को भी जीवन का एक सामान्य हिस्सा मानकर स्वीकार करने पर जोर दिया। आयोजन के दौरान तीन अलग-अलग चरणों में सभी आमंत्रित वक्ताओं को संस्कृति विवि के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता और डीन डा. रेनू गुप्ता द्वारा स्मृति चिह्न और सर्टिफिकेट भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर