Breaking News मथुरा में देर रात बड़ा बवाल, पथराव, पुलिस पर भी हमला, गांव में भारी फोर्स तैनात

Subscribe






Share




  • National News

मनीष शर्मा। मथुरा 21 मई 2026

मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र के नरहौली गांव में बुधवार देर रात शादी समारोह के दौरान माहौल अचानक हिंसक हो गया। बारात चढ़ने के समय शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच पथराव में बदल गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी उपद्रवियों के गुस्से का सामना करना पड़ा और पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बरसाना क्षेत्र के भरनाकलां गांव निवासी नेमचंद्र के बेटों अशोक और कुलदीप की शादी नरहौली गांव निवासी भगवान दास उर्फ कुल्ला की बेटियों से तय हुई थी। बुधवार रात करीब 10 बजे बारात चढ़ाई जा रही थी, तभी अचानक विवाद शुरू हो गया और कुछ ही देर में दोनों तरफ से पत्थरबाजी होने लगी।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि बारात में डांस के दौरान बारातियों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान फेंका गया एक पत्थर दूसरी जाति के युवक रवि को लग गया, जिसके बाद मामला और भड़क गया। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ और इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।

मथुरा-भरतपुर रोड पर स्थित नरहौली गांव में तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने एहतियातन ट्रैफिक भी रोक दिया। पथराव में हाईवे थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह और तरसी चौकी प्रभारी नितिन को भी चोटें आईं। सूचना मिलने पर एसपी सिटी राजीव कुमार कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बल प्रयोग कर हालात नियंत्रित किए।

घटना के बाद दोनों दुल्हनें भी मौके पर पहुंच गईं। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोग घर में घुस आए और तोड़फोड़ की। महिलाओं ने पुलिस पर भी पक्षपात करने और बारातियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया।

दुल्हनों के भाई नाहर सिंह का कहना है कि ठाकुर समाज का एक बीमार व्यक्ति इलाज के लिए ले जाया जा रहा था। उसी दौरान बारात के पास से गुजरते समय कुछ लोगों ने गाली-गलौज की और बग्गी में लात मार दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और बाद में मारपीट व पथराव शुरू हो गया।

वहीं दूसरे पक्ष के रवि ने दावा किया कि डांस को लेकर बाराती पहले आपस में भिड़े थे। बाद में विवाद रवि मिष्ठान भंडार तक पहुंच गया, जहां दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की गई और मिठाइयां खराब कर दी गईं।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने देर रात स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा के बीच बारात को पंडाल तक पहुंचाया गया। पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि घटना में एक महिला घायल हुई है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह भी देखें-

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर