मथुरा- एक कमरे में परिवार के 5 सदस्यों के शव मिलने से सनसनी, विस्तार से पढ़िए पूरा मामला

Subscribe






Share




  • National News

मनीष शर्मा। मथुरा 10 फरवरी 2026

मथुरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही कमरे से एक परिवार के 5 लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों में पति, पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। यह मामला महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव का है।

कमरे के अंदर अलग-अलग जगह मिले शव

पुलिस के मुताबिक, शव कमरे में अलग-अलग जगह पाए गए।
- बैड पर मां (सीमा) और दो बच्चे मिले
- तीसरी बेटी चारपाई पर पड़ी थी
- वहीं पति (मनीष) का शव फर्श पर मिला

कमरे में एक बैड और एक चारपाई रखी हुई थी।

मृतकों की पहचान- मनीष, सीमा और तीन बच्चे

पुलिस व परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है-
मनीष (35 वर्ष), सीमा (32 वर्ष), हनी (5 वर्ष), प्रियांशी (4 वर्ष), प्रतीक (2 वर्ष)

SSP का दावा- पहले पत्नी की हत्या, फिर बच्चों को मारा

एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि मनीष ने पहले पत्नी की हत्या की, इसके बाद तीनों बच्चों की जान ली, और अंत में खुद को करंट लगाकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा।

घटना का खुलासा कैसे हुआ?

SSP श्लोक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह बच्चों की कोई हलचल नजर नहीं आई।
इस पर पड़ोस में रहने वाले मनीष के भाई जयकिशन मौके पर पहुंचे।
जयकिशन ने पुलिस को बताया कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद वे मैन गेट फांदकर अंदर गए और कमरे तक पहुंचे।
जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने उसे तोड़ा। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए, क्योंकि कमरे में सभी लोग मृत अवस्था में पड़े थे।
इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

तीन पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो मिला

पुलिस को मौके से 3 पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो मिला है।

पहला नोट रसोई की दीवार पर लिखा मिला
इसमें लिखा था कि-
“मैं मनीष और सीमा अपनी मर्जी से मरे हैं। पुलिस किसी को परेशान न करे।”

दूसरा नोट कागज पर लिखा हुआ मिला, उसमें भी लगभग वही बातें दोहराई गई हैं और प्लॉट बेचने एवं बकाया पैसों से जुड़ी बातें बताई गई हैं।

सुसाइड से पहले का वीडियो

पुलिस को एक वीडियो भी मिला है, जिसमें मनीष ने दु:खों से परेशान होकर जान देने की बात कही है।

तंत्र-मंत्र एंगल भी जांच में, पुजारी हिरासत में

पुलिस इस मामले में तंत्र-मंत्र से जुड़े एंगल की भी जांच कर रही है। बताया गया कि मनीष जिस मंदिर में नियमित पूजा करने जाते थे, उस मंदिर के पुजारी को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है।

खेती करते थे मनीष, हाल में बेचा था 19 लाख का प्लॉट

पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष खेती का काम करते थे।
हाल ही में उन्होंने 19 लाख रुपये का एक प्लॉट बेचा था, जिसमें से 12 लाख रुपये उनके खाते में आ चुके थे।
इस पहलू को भी पुलिस आर्थिक दबाव के एंगल से जांच रही है।

पत्नी के सिर पर चोट के निशान, कमरे से मूसल-रस्सी भी मिली

पुलिस को कमरे से कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी मिली हैं।
- सीमा के सिर पर चोट के निशान पाए गए
- फर्श पर एक मूसल और एक रस्सी मिली
- एक गिलास भी मिला, जिसमें दूध था।

पुलिस इन सभी चीजों को सबूत के तौर पर लेकर जांच कर रही है।

भाई जयकिशन का बयान

मनीष के भाई जयकिशन ने बताया-
“सुबह पता चला कि मेरे भाई ने परिवार के साथ सुसाइड कर लिया। मौत कैसे हुई? इसका अभी सही पता नहीं चल पाया है। पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है।”

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत का कारण स्पष्ट 

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि सभी की मौत किस तरह हुई और क्या घटना में कोई अन्य पहलू भी शामिल है।

ADG, DM और SSP समेत कई अफसर पहुंचे मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही ADG अनुपम कुलश्रेष्ठ, DM सीपी सिंह, SSP श्लोक कुमार व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

गांव में भारी भीड़, हजार से ज्यादा लोग जुटे

घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से हजार से ज्यादा लोग मौके पर जमा हो गए।
कई लोग छतों पर खड़े होकर स्थिति देखने लगे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी देखें- ब्राह्मणों के गांव में सड़क नहीं, मथुरा के मांट क्षेत्र का मामला

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500


अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर