दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा। 09 मार्च 2026

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सोमवार को दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत मथुरा पहुंचीं। उनका हेलीकॉप्टर पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरा, जहां जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। आगमन के बाद राज्यपाल सीधे विश्वविद्यालय परिसर स्थित अतिथि गृह के लिए रवाना हो गईं।

अधिकारियों ने किया स्वागत

हेलीपैड पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश तथा विश्वविद्यालय के कुलपति ने राज्यपाल का पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका काफिला विश्वविद्यालय परिसर के गेस्ट हाउस तक पहुंचा।

गेस्ट हाउस की ओर जाते समय राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक वॉल पेंटिंग को भी देखा। इस दौरान उन्होंने कुछ दूरी तक पैदल चलकर चित्रों का अवलोकन किया और छात्रों की रचनात्मकता की सराहना की।

वृंदावन में संरक्षण गृह का करेंगी निरीक्षण

गेस्ट हाउस में थोड़ी देर ठहरने के बाद राज्यपाल का कार्यक्रम वृन्दावन जाने का है। यहां चैतन्य विहार क्षेत्र में स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान वे वहां रह रही बालिकाओं से बातचीत भी करेंगी और व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगी। कार्यक्रम के अनुसार वे यहां लगभग डेढ़ घंटे से अधिक समय बिताएंगी।

दोपहर में विश्राम, शाम को मंदिर दर्शन

वृंदावन कार्यक्रम के बाद राज्यपाल पुनः विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस लौटेंगी और दोपहर में विश्राम करेंगी। शाम के समय उनका कार्यक्रम मथुरा शहर के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन करने का निर्धारित है, जहां वे भगवान द्वारिकाधीश के दर्शन-पूजन करेंगी।

मंगलवार को दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन राज्यपाल विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी और मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया जाएगा।

राज्यपाल के दौरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

यह भी देखें- मथुरा में क्या कह गए योगी?

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500


अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर