वृंदावन- बांके बिहारी मंदिर के समीप बड़ा हादसा, छज्जा गिरने से 7 श्रद्धालु घायल, बंदरों का आतंक बनी वजह? डीएम ने दी जानकारी

Subscribe






Share




  • National News

मनीष शर्मा। 09 जून 2026

वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के पास गली नंबर-4 में मंगलवार शाम करीब 6 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब मंदिर मार्ग पर स्थित एक पुराने भवन का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के समय मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए, जिससे करीब 07 लोग घायल हो गए। घायलों में उत्तर प्रदेश और राजस्थान से आए श्रद्धालु शामिल बताए जा रहे हैं। चार घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी। अचानक भवन का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिरा और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जिस छज्जे का हिस्सा गिरा, उसमें पहले से दरारें थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन काफी पुराना था और उसकी स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई थी। आंधी तूफान के चलते यह हादसा हुआ। वहीं, पड़ोसी के अनुसार, बंदर के कूदने की वजह से हादसा हुआ। हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और अन्य पुराने भवनों की भी जांच शुरू कर दी गई है।

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि श्रद्धालु दर्शन करके वापस जा रहे थे। मंदिर से लगभग 300 मीटर से दूर एक गोस्वामीजी के घर पर कुछ लोग बैठकर जलपान कर रहे थे। इसके अलावा कुछ लोग गली से वापस जा रहे थे। उसी समय मौसम खराब हुआ। यहां बंदरों का भी प्रकोप रहता है, उससे एक तीन मंजिला मकान के ऊपर के छज्जे का कुछ भाग टूटकर गिर गया। इसमें 7 लोग घायल हुए हैं, सभी खतरे से बाहर हैं। मंदिर में कोई हादसा नहीं हुआ है। 5 साल पहले जिस मकान से दुर्घटना घटी थी, वो मकान हटवा दिया गया था। उसके अलावा कुछ लोगों को नोटिस भी दिए गए थे। नगर निगम को बोला गया है कि पूरा देख लिया जाए कि जो नोटिस दी गई, उसका क्या हुआ?

अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं।

हादसे के बाद प्रशासन ने भवन की स्थिति और छज्जा गिरने के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मंदिर क्षेत्र में मौजूद जर्जर इमारतों का सर्वे कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

बांके बिहारी मंदिर देश के सबसे अधिक श्रद्धालुओं वाले धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर मार्ग और आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

यह भी देखें-

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर