खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो नकली पनीर पकड़ा

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा। 18 जून 2025

मथुरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोसीकलां क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभागीय टीम ने एक डेयरी पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में पनीर नष्ट कराया तथा डेयरी में इस्तेमाल हो रहे बायलर को सील कर दिया। वहीं विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली सूचना के आधार पर टीम ने नगला उटावर स्थित उमर की डेयरी पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि डेयरी का संचालन बिना वैध खाद्य लाइसेंस के किया जा रहा था। इसके साथ ही खाद्य सामग्री के निर्माण और भंडारण की व्यवस्थाएं भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल, मिश्रित दूध तथा पीली चना दाल के नमूने एकत्रित किए। इसके अलावा पनीर के दो नमूने भी जांच के लिए सुरक्षित रखे गए और उन्हें परीक्षण हेतु भेजा गया।

निरीक्षण में डेयरी परिसर के भीतर करीब 600 किलोग्राम पनीर अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा हुआ मिला। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को देखते हुए विभाग ने मौके पर ही पूरे पनीर को नष्ट करा दिया।

विभागीय अधिकारियों ने डेयरी में उपयोग किए जा रहे बायलर को भी सील कर दिया है। उनका कहना है कि मामले की जांच प्रक्रिया जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा टीम ने गोपाल बाग स्थित रामवीर प्रधान की डेयरी का भी निरीक्षण किया। यहां से पनीर का एक नमूना लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है।

सहायक खाद्य आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर