मथुरा- मिट्टी के ढेर में दबा मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान; पुलिस जांच में जुटी

Subscribe






Share




  • National News

मनीष शर्मा। मथुरा 10 मई 2026

जनपद मथुरा की तहसील महावन के बलदेव थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अवैरनी चौराहे के समीप एक कोल्ड स्टोर के पीछे मिट्टी के ढेर में दबा युवक का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, अवैरनी चौराहे के पास स्थित एक कोल्ड स्टोर के पीछे मिट्टी के ढेर में किसी व्यक्ति के दबे होने की सूचना थाना बलदेव पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मिट्टी के ढेर में तलाश अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद पुलिस को मिट्टी का एक हिस्सा संदिग्ध दिखाई दिया, जिसकी खुदाई कराई गई।

खुदाई के दौरान मिट्टी में दबा एक युवक बाहर निकाला गया। युवक के सिर पर चोट के निशान थे तथा कान से खून निकल रहा था। मृतक ने हरे रंग की शर्ट और काले रंग का लोअर पहन रखा था। शव बाहर निकलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में उसकी पहचान गोविंद पुत्र मेवालाल बघेल निवासी सुंदरपुरा की खोर, थाना लहारा, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। बताया गया है कि मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष थी और वह अपने मामा जयकरण के साथ अवैरनी चौराहे पर किराये के मकान में रह रहा था।

सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस युवक की मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

यह भी देखें-

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर