श्रद्धालुओं की प्राण रक्षा करने वाले नाविक और गोताखोर सम्मानित

Subscribe






Share




मथुरा 26 जून, 2026

केसी घाट पर यमुना नदी दुर्घटना में 14 श्रद्धालुओं के प्राणों की रक्षा करने वाले नाविकों एवं गोताखोरों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मथुरा के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के उपरांत केसी घाट, वृन्दावन पर दिनांक 10 अप्रैल, 2026 को घटित नाव दुर्घटना के दौरान अद्वितीय साहस, त्वरित निर्णय क्षमता एवं उत्कृष्ट मानव सेवा का परिचय देते हुए 14 श्रद्धालुओं के प्राणों की रक्षा करने वाले नाविकों एवं गोताखोरों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के अपर नगर आयुक्त श्री सौरभ सिंह तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री प्रमोद कुमार शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सभी नाविकों एवं गोताखोरों के अद्वितीय साहस, कर्तव्यपरायणता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं मानवीय सेवा-भाव की मुक्तकंठ से सराहना की गई।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपने व्यक्तिगत हितों एवं प्राणों की परवाह किए बिना मानव जीवन की रक्षा हेतु तत्परतापूर्वक कार्य करना सर्वोच्च मानवीय दायित्व का परिचायक है। केसी घाट की घटना के दौरान नाविकों एवं गोताखोरों द्वारा प्रदर्शित साहस, धैर्य, सूझबूझ एवं त्वरित बचाव कार्य के परिणामस्वरूप 14 श्रद्धालुओं का जीवन सुरक्षित बचाया जा सका, जो न केवल जनपद मथुरा बल्कि सम्पूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्पद एवं अनुकरणीय उदाहरण है।

बैठक के दौरान यमुना नदी में सुरक्षित नौका संचालन, नावों पर निर्धारित क्षमता का अनुपालन, प्रत्येक यात्री हेतु जीवन रक्षक जैकेट (लाइफ जैकेट) की अनिवार्य उपलब्धता, प्रशिक्षित नाविकों की तैनाती, आपातकालीन बचाव संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित किए जाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक निवारक एवं एहतियाती उपायों को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी ढंग से लागू किए जाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, यमुना निषाद सेवा समिति के पदाधिकारी, सम्मानित नाविक एवं गोताखोर तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अंत में जिला प्रशासन, मथुरा द्वारा यह विश्वास व्यक्त किया गया कि जनहित एवं मानव जीवन की रक्षा के लिए नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने वाले ऐसे साहसी एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिकों को भविष्य में भी उचित सम्मान एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाता रहेगा। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि यमुना नदी में नौका विहार अथवा अन्य जल गतिविधियों के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित समस्त सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष अथवा संबंधित विभाग को उपलब्ध कराएं।

— जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण,
मथुरा

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर