स्मार्ट मीटर के खिलाफ मथुरा में उग्र विरोध, महिलाओं ने मीटर उतारकर निकाली रैली

Subscribe






Share




  • National News

स्मार्ट मीटर के खिलाफ मथुरा में उग्र विरोध, महिलाओं ने मीटर उतारकर निकाली रैली

मथुरा (मनीष शर्मा)। मथुरा में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ते बिजली बिलों से परेशान लोगों ने अब खुलकर विरोध शुरू कर दिया है। इसी क्रम में लक्ष्मी नगर क्षेत्र में शनिवार को महिलाओं ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने घरों से स्मार्ट मीटर उतारकर सिर पर रखे और रैली निकाली।

महिलाएं नारेबाजी करते हुए लक्ष्मी नगर स्थित बिजली घर पहुंचीं, जहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध स्वरूप स्मार्ट मीटर सड़क पर फेंककर तोड़ भी दिए। प्रदर्शन के चलते इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शन कर रही रुक्मणी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली के बिल लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं भगवती ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी उनके खराब मीटर को नहीं बदला गया। विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

धर्मावती ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली का बिल तीन से चार गुना तक बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एडवांस भुगतान करने के बावजूद भी बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

महिलाओं का कहना है कि सरकार स्मार्ट मीटर लगाने पर जोर दे रही है, लेकिन आम लोगों की आर्थिक स्थिति और परेशानियों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बढ़े हुए बिलों की जांच कराई जाए और खराब स्मार्ट मीटरों को जल्द बदला जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Also Watch 

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर