यमुना एक्सप्रेस-वे पर बल्देव कट बनाया जाए- डीएम

Subscribe






Share




  • National News

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह जी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई संपन्न।


मथुरा 23 जुलाई 2026/ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह जी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की सप्तम् बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी द्वारा यमुना एक्सप्रेस-वे के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर बल्देव कट बनाया जाए, जिससे कि दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति होने पर घायलों को तुरन्त अस्पताल पंहुचाया जा सके, जिससे घायलों के उपचार में लगभग 45 मिनट का समय बचेगा।
           जिलाधिकारी द्वारा मुड़िया पूर्णिमा मेले के दृष्टिगत ए०आर०टी०ओ० (प्रवर्तन) को निर्देशित किया है कि किसी भी दशा में यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग न की जाये एवं वाहन की छत पर बैठकर अथवा वाहन से लटककर यात्रा न की जाये। ट्रैक्टर-ट्रालियों एवं मालवाहनों में किसी भी स्थिति में यात्री न बैठाये जायें, यमुना एक्सप्रेस-वे, उत्तरी बाईपास एवं मथुरा-बरेली एक्सप्रेस-वे पर बसों की सघन चैकिंग कराकर नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्ध प्रवर्तन कार्यवाही की जाये। शत-प्रतिशत सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
            जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्यों / प्रबंधकों को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में संचालित वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र इत्यादि समाप्त है, वे आगामी 03 दिवस के अन्दर समस्त स्कूली वाहनों के प्रपत्रों को पूर्ण करा लें अन्यथा की स्थिति उनके विरूद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए सम्बन्धित विद्यालय की मान्यता समाप्त कर दी जायेगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन / प्रधानाचार्य की होगी।
             जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में असेम्बली के समय छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी एवं सड़क सुरक्षा के नियमों की शपथ दिलायी जाये। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि जिन स्कूली वाहनों के प्रपत्र पूर्ण न हो या वाहन विद्यालय के नाम पंजीकृत न हो, एहसे ऑटो, रिक्शा, ई-रिक्शा, बस, वैन आदि में किसी भी दशा में बच्चों को विद्यालय न भेजें।
           जिलाधिकारी द्वारा एन०एच०ए०आई०, यमुना-एक्सप्रेस-वे एवं पी०डब्यू०डी० के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मथुरा-बरेली एक्सप्रेस-वे एवं आगरा-दिल्ली मार्ग पर संचालित अवैध ढाबों को तत्काल बन्द कराकर उनके विरूद्ध एफ०आई०आर० की कार्यवाही करायी जाये। जिलाधिकारी ने ब्लैक स्पॉट्स पर शीघ्र सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क दुघटनाओं में कमी लायी जा सके। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता श्री गुलवीर सिंह, ए०आर०टी०ओ० (प्रवर्तन) श्री राजेश राजपूत, एस०पी० यातायात राजेश कुमार तिवारी, एन०एच०ए०आई०, यमुना एक्सप्रेस-वे के अधिकारियों सहित अन्य सड़क सुरक्षा समिति के स्टॉकहोल्डर विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर