मथुरा जंक्शन पर गूंजी नवजात की किलकारी, प्लेटफॉर्म बना प्रसूति कक्ष

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा जंक्शन पर गूंजी नवजात की किलकारी, प्लेटफॉर्म बना प्रसूति कक्ष

मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेले के बीच शनिवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करने वाली एक सुखद घटना सामने आई। प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और मेडिकल टीम की त्वरित कार्रवाई से जच्चा और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।
शनिवार दोपहर आरपीएफ के सीसीटीवी कंट्रोल रूम की निगरानी के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-6 (आगरा छोर) पर एक महिला की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। तत्काल उप स्टेशन प्रबंधक (कॉमर्शियल) को अवगत कराया गया, जिसके बाद रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया।
रेलवे अस्पताल के डॉ. अभय अपनी टीम के साथ कुछ ही देर में प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए। टीम के पहुंचने से पहले ही महिला का प्रसव हो चुका था। मेडिकल टीम ने मौके पर ही जच्चा और नवजात बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से दोनों को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों की हालत सामान्य बताई गई।
प्रसूता की पहचान धनकुंवर (35 वर्ष) निवासी बैरवारा, जनपद ललितपुर के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ हरियाणा के बावल से मथुरा पहुंची थीं और यहां से आगे ललितपुर जाने वाली थीं। इसी दौरान अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई और प्लेटफॉर्म पर ही बच्ची का जन्म हो गया। नन्ही परी की किलकारी गूंजते ही परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और मेडिकल टीम की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के कारण मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। यह घटना रेलवे कर्मचारियों की सेवा भावना, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर