यूनिवर्सिटी छात्र विपिन हत्याकांड का खुलासा

Subscribe






Share




  • National News

रिपोर्ट मनीष शर्मा

मथुरा पुलिस ने छात्र विपिन हत्याकांड का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना छाता पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक महिला अभियुक्ता को उसके घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त बांका और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद की है।
मामला 4 अगस्त 2026 का है, जब गोवर्धन थाना क्षेत्र के नीमगांव निवासी 20 वर्षीय विपिन अपने घर से यूनिवर्सिटी जाने की बात कहकर मोटरसाइकिल से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर थाना छाता में गुमशुदगी दर्ज की गई और पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसकी तलाश शुरू की।
अगले दिन 5 अगस्त को थाना जैत क्षेत्र के धौरेरा गांव के जंगल में एक खंडहरनुमा कोठरी से विपिन का शव बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।
लगातार जांच और सर्विलांस के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी स्विफ्ट कार से गोवर्धन-छाता मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने रनवारी गांव के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उनका एक साथी तेजपाल उर्फ नेहनू मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोवर्धन निवासी 27 वर्षीय विक्रम और राधाकुंड निवासी 22 वर्षीय अमन के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने विक्रम की पत्नी को भी उसके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, पांच खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त बांका और घटना में इस्तेमाल की गई मारुति स्विफ्ट कार बरामद की है। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के मुकदमे के साथ-साथ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अमन के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विक्रम के खिलाफ भी इसी प्रकरण से संबंधित मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
फिलहाल मथुरा पुलिस इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर