विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को किया निवेश के प्रति जागरूक

Subscribe






Share




  • National News

चित्र परिचयः संस्कृति विवि में आयोजित निवेशक जागरूकता कार्यक्रम में वक्ताओं और आयोजकों के साथ संस्कृति विवि के विद्यार्थी। 

 

संस्कृति विवि में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को किया निवेश के प्रति जागरूक
मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स  ने मोतीलाल ओसवाल के सहयोग से निवेशक जागरूकता कार्यक्रम  का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार निवेश, वित्तीय योजना एवं निवेशक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अपूर्व अग्रवाल तथा मोतीलाल ओसवाल के वाइस प्रेसिडेंट एवं स्टेट हेड – फ्रेंचाइजी बिजनेस ऑपरेशन नवीन मणि त्रिपाठी ने निवेश एवं निवेशक सुरक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारीपूर्ण एवं संवादात्मक सत्र प्रस्तुत किया। अपूर्व अग्रवाल ने म्यूचुअल फंड, सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान, वित्तीय लक्ष्य निर्धारण एवं सुरक्षित निवेश की मूलभूत अवधारणाओं को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। सत्र में इस बात पर भी विशेष जोर दिया गया कि किसी भी निवेश में अपनी मेहनत की कमाई लगाने से पहले उचित जानकारी प्राप्त करना, शोध करना तथा निवेश उत्पाद को अच्छी तरह समझना आवश्यक है।
कार्यक्रम में आज के तेजी से बदलते वित्तीय परिवेश में सोच-समझकर एवं सुरक्षित निवेश निर्णय लेने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न निवेश माध्यमों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी एवं भ्रामक निवेश योजनाओं से जुड़े जोखिमों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण भाग ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी एवं साइबर सुरक्षा पर केंद्रित रहा। विद्यार्थियों को फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन, फर्जी कॉल, व्हाट्सएप एवं टेलीग्राम के माध्यम से होने वाले घोटालों, भ्रामक सोशल मीडिया विज्ञापनों, पोंजी योजनाओं, चिट फंड तथा गारंटीड या असामान्य रूप से अधिक रिटर्न के वादों जैसी धोखाधड़ी की सामान्य प्रवृत्तियों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को निवेशकों के मूलभूत अधिकारों तथा किसी भी शिकायत या समस्या की स्थिति में अधिकृत एवं विश्वसनीय माध्यमों से संपर्क करने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
 कार्यक्रम में संस्कृति स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स के डीन डॉ. गंगाधर, एसओएमसी के विभागाध्यक्ष डॉ. शिव नारायण शर्मा तथा डॉ. जुनैद हसन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अपना बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का सुश्री जिज्ञासा अत्री, असिस्टेंट प्रोफेसर द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्माननीय अतिथियों, मुख्य वक्ताओं, विश्वविद्यालय के अधिकारियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति उनके बहुमूल्य समय, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर