सिंधी भाषा दिवस पर नवयुवकों को जोड़ने की पहल

Subscribe






Share




  • States News

राम खत्री/किशोर इसरानी। मथुरा 09 अप्रैल 2026

सिंधी भाषा दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को गोवर्धन रोड स्थित श्रीजी शिवाशा एस्टेट
में लाड़ी लोहाणा सिंधी नवयुवक मंडल द्वारा सिंधी जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। 

कार्यक्रम के सूत्रधार सिंधी जागरूक मंच के संस्थापक किशोर इसरानी ने बताया कि 10 अप्रैल 1967 को भारतीय संविधान की आठवी अनुसूची में भारत की प्राचीन सिंधी भाषा को शामिल किया गया था तभी से सिंधी भाषा दिवस मनाया जाता है। उन्होंने एक खुशखबरी बताते हुए कहा कि सिंधी समाज अब देश का संविधान अपनी भाषा में पढ़ सकेगा। शुक्रवार को भारत सरकार द्वारा सिंधी समाज को एक सौगात मिलने जा रही है। 10 अप्रैल को देश के उपराष्ट्रपति सिंधी देवनागरी लिपि में लिखे गए देश के संविधान का विमोचन करेंगे।

मुख्य अतिथि उप्र लाड़ी लोहाणा सिंधी पंचायत के प्रदेश महामंत्री रामचंद्र खत्री ने नवयुवक मंडल के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समुदाय की बोली भाषा तभी तक जीवित रह सकती है, जब तक वह नई पीढ़ी के पास भी सुरक्षित है। इसलिए बच्चों और युवाओं की ही यह विशेष जिम्मेदारी है कि वह अपनी मातृभाषा और बोली को बचाए रखें और घर परिवार में, आपस में सिंधी बोली में ही बात करें।

विशिष्ट अतिथि लाड़ी लोहाणा सिंधी पंचायत मथुरा के अध्यक्ष सुरेश मेठवानी ने कहा कि सिंधी भाषा दिवस हमें अपने अस्तित्व की याद दिलाता है, इस बहाने सिंधीयत के प्रति जागरूकता बनी रहती है।

नवयुवक मंडल के संरक्षक गिरधारी नाथानी ने कहा कि सिंधी समुदाय की विरासत बोली और भाषा ही है, जो हमारी पहचान भी है, इसे विलुप्त होने से बचाने के लिए जरूरी है कि हम सिंधी बोली भाषा का प्रयोग करते रहें।

युवा अध्यक्ष तरुण लखवानी ने सिंधीयत को कायम रखने के लिए, सिंधी बोली को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि बोली भाषा और सभ्यता से जब बच्चे संस्कारित होंगे तो वह मानवीय मूल्यों से भी परिपूर्ण होंगे, इसकी शुरूआत हर सिंधी परिवार में हो।

वहीं नवयुवक मंडल के उपाध्यक्ष मनोहर मंगलानी, कोषाध्यक्ष दीपक टेकवानी, महामंत्री तरुण नाजवानी, मंत्री दिनेश केवलानी, संगठन मंत्री रवि चंदानी, पार्थ मेठवानी, संजय लखवानी आदि ने सिंधी भाषा दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की। संगोष्ठी के समापन पर सिंधी व्यंजन दाल पकान आदि परोसें गए। स्वागत लखवानी परिवार द्वारा किया गया।

सिंधी भाषा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की मुहिम चला रहे सिंधी जागरूक मंच के संस्थापक किशोर इसरानी ने बताया कि सिंधी नॉलेज नामक एक सिंधी चैनल चलाया जा रहा है, जिस पर सिंधी संस्कृति और विविध सिंधी कार्यक्रमों की झलकियां दिखाई जाती है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हर सिंधी परिवार 10 अप्रैल सिंधी भाषा दिवस पर बच्चों संग सिंधी लोकगीत भजन गाएं, सिंधी वीडियो देखें, सिंधी पुस्तकें पढ़ें तथा सिंधी व्यंजन बनाएं।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर