जिलाधिकारी ने बच्चों की फीस माफ कराई

Subscribe






Share




  • National News

रिपोर्ट मनीष शर्मा
मथुरा, यूपी

मथुरा में सोशल मीडिया पर वायरल हुई चार बच्चों की शिक्षा से जुड़ी मार्मिक अपील का बड़ा असर देखने को मिला। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए बच्चों और उनके परिवार को कलेक्ट्रेट बुलाया। इसके बाद न सिर्फ बच्चों की पूरी पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाई गई, बल्कि उन्हें पढ़ाई से जुड़ी सभी जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

कोसीकलां के बठैन गेट स्थित बैंक कॉलोनी निवासी भरत सिंह और उनकी पत्नी सुनीता दोनों दिव्यांग हैं। आर्थिक तंगी के चलते परिवार अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं कर पा रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल संदेश में दावा किया गया था कि फीस न भर पाने के कारण बच्चों को स्कूल से निकाल दिया गया और वे भगवान भोलेनाथ से अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू होने की मन्नत लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले थे।
मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने चारों बच्चों को कलेक्ट्रेट बुलाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान बच्चों को दो-दो स्कूल ड्रेस, स्कूल बैग, किताबों का पूरा सेट, पेंसिल बॉक्स, टिफिन, जूते और मोजे सहित पढ़ाई का आवश्यक सामान प्रदान किया गया।
वहीं जिलाधिकारी ने बताया कि बड़ी बेटी साधना नगर पालिका इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं, जहां पहले से ही उनकी ट्यूशन फीस नहीं लगती। वहीं आदर्श विद्या मंदिर में पढ़ने वाले अन्य तीन बच्चों में से प्रेरणा की फीस पहले से माफ थी। अब मुस्कान और शिवम की भी पूरी फीस माफ करा दी गई है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इन बच्चों से किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाएगी।
 जिलाधिकारी ने बताया कि परिवार को पहले से दिव्यांग पेंशन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिल रहा है।जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप किसी भी बच्चे की पढ़ाई आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकेगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर