मथुरा- आकाश इंस्टीट्यूट पर चला प्रशासन का डंडा, कोचिंग सेंटर सील, दो अन्य भी सीज

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा। 23 जून 2026

लखनऊ में हाल ही में हुए हादसे के बाद व्यावसायिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के क्रम में मथुरा में प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। भूतेश्वर स्थित अतुल टावर में संचालित आकाश इंस्टीट्यूट कोचिंग सेंटर में सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर संस्थान को सील कर दिया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में फायर विभाग, विकास प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीम निरीक्षण के लिए कोचिंग सेंटर पहुंची। जांच के दौरान टीम ने पाया कि संस्थान तक पहुंचने का मुख्य मार्ग लोहे की सीढ़ियों के माध्यम से था। हालांकि मौके पर मौजूद स्टाफ ने दावा किया कि भवन के पीछे की ओर एक पक्का रास्ता भी उपलब्ध है।

निरीक्षण के दौरान टीम को संस्थान के भीतर आने-जाने के रास्ते अत्यंत संकरे मिले। हालात ऐसे थे कि जब वहां अध्ययन कर रहे छात्रों को बाहर निकाला गया, तो वे एक-एक करके ही बाहर निकल सके। भवन में स्प्रिंकलर और फायर सेफ्टी सिस्टम तो स्थापित था, लेकिन कई स्थानों पर लगे फायर बॉक्स खाली पाए गए। इसके अलावा पावर बॉक्स के समीप बिजली के तार खुले हुए मिले, जबकि आपातकालीन निकास की सीढ़ियां सीधे बेसमेंट में खुलती हुई पाई गईं।

जांच के दौरान संस्थान के कर्मचारियों ने बताया कि उनके पास फायर विभाग की एनओसी मौजूद है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने संकरे आवागमन मार्गों को लेकर सवाल उठाए। टीम द्वारा अंदर जाकर निरीक्षण करने पर पाया गया कि भवन के भीतर प्लाईवुड की सहायता से पार्टिशन किए गए हैं। जब इस संबंध में विकास प्राधिकरण की टीम से जानकारी ली गई, तो उन्होंने बताया कि भवन का नक्शा हॉल के रूप में स्वीकृत है।

सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं न मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने संस्थान को तत्काल प्रभाव से सील करने के निर्देश दिए। आदेश के बाद विकास प्राधिकरण की टीम ने कोचिंग सेंटर को सील कर दिया।

सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने बताया कि संस्थान का प्रवेश द्वार निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। साथ ही फायर सेफ्टी से जुड़े मानकों में भी कमियां मिली हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं की जातीं, तब तक संस्थान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

इधर, बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज रोड क्षेत्र में भी प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच को लेकर अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने कई कोचिंग सेंटरों और एक होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एसटीए कोचिंग सेंटर और होटल शिवोहम में गंभीर खामियां मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया, जबकि कुमार कोचिंग सेंटर को फायर विभाग की एनओसी प्राप्त होने तक संचालन न करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर