मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

Subscribe






Share




  • National News

पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में माननीय मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी एवं माननीय विधायक बल्देव श्री पूरन प्रकाश जी ने कैशलेस चिकित्सा कार्ड का वितरण किया।

शिक्षकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी योजना- माननीय मंत्री जी।

विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण- माननीय विधायक जी

सभी शिक्षक बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें- जिलाधिकारी।

मथुरा 08 जुलाई 2026/ वाराणसी के दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने 12 लाख शिक्षक/शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल-बैग एवं स्टेशनरी हेतु उनके अभिभावकों के खाते में डी.बी.टी. के माध्यम से प्रति विद्यार्थी ₹1,200 का अंतरण किया। 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करने हेतु स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एम.ओ.यू. का निष्पादन एवं राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया।
               माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में वाराणसी में आयोजित "मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ एवं डी0बी0टी0 वितरण कार्यक्रम" का सजीव प्रसारण जनपद मथुरा के डैंपियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में माननीय मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी, माननीय विधायक बल्देव श्री पूरन प्रकाश जी, जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री राघवेंद्र सिंह सहित शिक्षक/शिक्षिकाओं एवं संविदा कर्मचारियों द्वारा देखा गया। सभी उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अतिथियों, शिक्षक, शिक्षिकाओं, संविदा कर्मियों आदि ने माननीय मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को बेहद ध्यानपूर्वक सुना। 
             जनपद के पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आज शिक्षकों और संविदा कर्मचारियों के लिए बहुप्रतीक्षित 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा' का शुभारंभ कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय विधायक बल्देव श्री पूरन प्रकाश जी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
            कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी, माननीय विधायक बल्देव श्री पूरन प्रकाश जी एवं जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह द्वारा माँ सरस्वती जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। उन्होंने माँ सरस्वती जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया तथा पुष्पार्पण किया।
               मंच से शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माननीय मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी ने कहा कि राष्ट्र निर्माता शिक्षकों के स्वास्थ्य की चिंता करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। यह कैशलेस चिकित्सा सुविधा शिक्षकों और संविदा कर्मचारियों को गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ी वित्तीय राहत प्रदान करेगी।
             विशिष्ट अतिथि माननीय विधायक बल्देव श्री पूरन प्रकाश जी ने भी इस योजना की सराहना करते हुए इसे शिक्षक हित में एक ऐतिहासिक कदम बताया। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक राष्ट्र के भावी नागरिकों का निर्माण करते हैं, इसलिए राज्य सरकार उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
             जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से लाखों शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, केजीबीवी के शिक्षक, विद्यालयों में कार्यरत रसोइये तथा उनके आश्रित गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा आज प्रदेश के विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी क्रय करने हेतु धनराशि हस्तांतरित की गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे प्राप्त धनराशि का उपयोग बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं की पूर्ति में करें तथा उन्हें निर्धारित ड्रेस में नियमित रूप से विद्यालय भेजें। 
              जिलाधिकारी ने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। जिलाधिकारी ने शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
            कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री जी, माननीय विधायक जी, जिलाधिकारी जी एवं मुख्य विकास अधिकारी जी द्वारा प्रतीकात्मक रूप से कई शिक्षक साथियों को उनके 'शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड' सौंपे गए, जिसे पाकर शिक्षकों के चेहरे खिल उठे। इस योजना से जनपद के हजारों शिक्षकों और संविदा कर्मियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।
             जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 7832 शिक्षकों/कर्मियों (बेसिक शिक्षक, एडेड शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, CWSN, KGBV अंशकालिक शिक्षक, KGBV पूर्णकालिक शिक्षक, वार्डेन, MDM रसोइया) तथा 39160 परिवारों को लाभांवित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने अवगत कराया है कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से जनपद में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 1256 शिक्षकों/कर्मियों (प्रधानाचार्य, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक, संस्कृत शिक्षक, संस्कृत मानदेय शिक्षक, व्यवसायिक शिक्षक) तथा 6280 परिवारों को लाभांवित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर