गोवर्धन सीएचसी से रैफर गर्भवती महिला और नवजात की मौत, परिजनों का हंगामा

Subscribe






Share




  • National News

गोवर्धन सीएचसी से रैफर गर्भवती महिला और नवजात की मौत, परिजनों का हंगामा


गोवर्धन (मनीष शर्मा)। मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन का है। यहां डिलीवरी के लिए पहुंची एक गर्भवती महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मथुरा रेफर किया गया, जहां प्रसव के बाद महिला और नवजात दोनों की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने महिला का शव गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। जानकारी के अनुसार, आन्यौर निवासी सीमा पत्नी धर्मेंद्र (उम्र करीब 27 वर्ष) मंगलवार सुबह प्रसव के लिए गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। आरोप है कि अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया। वहां प्रसव होने के बाद महिला और नवजात की मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजन महिला का शव लेकर दोपहर में गोवर्धन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भगत सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को शांत कराया। महिला के शव को पोस्टमार्टम भेज अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर