मथुरा- होटलों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 6 को सील करने के निर्देश, 24 होटल मालिकों को नोटिस,

Subscribe






Share




  • National News

मनीष शर्मा। मथुरा 11 जून 2026

जनपद मथुरा में बिना मानकों के संचालित हो रहे होटलों और गेस्ट हाउसों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए धौली प्याऊ और मालगोदाम रोड क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र, फायर विभाग और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा करीब चार घंटे तक चले अभियान में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान कई होटलों में ग्राहकों को मात्र एक-दो घंटे के लिए कमरे दिए जाते पाए गए। वहीं कई होटल संचालक ग्राहकों की पहचान संबंधी दस्तावेज और रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर प्रशासन ने 6 से 7 होटलों के रजिस्टर जब्त कर लिए। एक होटल में तो टीम को देखकर मैनेजर जल्दबाजी में रजिस्टर भरता हुआ भी मिला।

दोपहर करीब चार बजे जब प्रशासनिक टीम धौली प्याऊ क्षेत्र में पहुंची तो वहां की स्थिति देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। क्षेत्र में बड़ी संख्या में होटल, गेस्ट हाउस और होम-स्टे संचालित होते मिले। कई स्थानों पर आवासीय भवनों में ही होटल चलाए जा रहे थे। संकरी गलियों के कारण कई जगहों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तो दूर, मोटरसाइकिल तक पहुंचना मुश्किल पाया गया।

छापेमारी के दौरान लगभग 15 ऐसे गेस्ट हाउस भी मिले जिन्हें पहले से ही फायर विभाग, प्रदूषण विभाग और सराय अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद उनका संचालन जारी था। प्रशासन को कुछ होटलों में अवैध गतिविधियों की आशंका भी हुई है, जिसके चलते संबंधित संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने धौली प्याऊ और मालगोदाम रोड क्षेत्र के करीब 24 होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। वहीं 6 होटलों को सील करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने बताया कि जांच में दोनों क्षेत्रों के 30 से 35 होटल निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए हैं। सभी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अधिकांश होटलों के पास वैध फायर एनओसी नहीं मिली। साथ ही आग से सुरक्षा के पर्याप्त संसाधन और इंतजाम भी नहीं पाए गए। ऐसे संस्थानों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

प्रशासन की इस धड़ाधड़ कार्रवाई के बाद होटल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है और आने वाले दिनों में और भी सख्त कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी देखें-

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर