सेल्समैन ने ही रची थी लूट की साजिश, पूरी रकम और पत्नी समेत गिरफ्तार

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा। 24 जून 2026

मथुरा में 10 लाख 70 हजार रुपये की कथित लूट की घटना का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में पता चला कि जिस व्यक्ति ने खुद को लूट का शिकार बताया था, वही इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी है। थाना हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके कब्जे से पूरी लूटी गई धनराशि भी बरामद कर ली गई है।

एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि 22 जून को जेपी इंटरप्राइजेज में कार्यरत सेल्समैन विजय कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि बाइक सवार अज्ञात बदमाश उससे रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए हैं। इस संबंध में कंपनी के मालिक जगदीश प्रसाद गौतम की तहरीर पर थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच टीम ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की। इसी दौरान सेल्समैन विजय कुमार की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हुईं, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ में विजय कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी ज्योति के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। उसने कंपनी की रकम हड़पने के उद्देश्य से लूट की झूठी कहानी तैयार की और अपने मालिक के साथ-साथ पुलिस को भी गुमराह करने का प्रयास किया।

आरोपी ने बताया कि वह एक प्लॉट खरीदना चाहता था और इसी वजह से उसने कंपनी के पैसों को हड़पने की योजना बनाई। घटना के दिन उसने रुपयों से भरा बैग नए बस अड्डे के पास अपनी पत्नी ज्योति को सौंप दिया था। इसके बाद उसने खुद को लूट का शिकार बताते हुए पुलिस को झूठी सूचना दे दी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां से पूरी 10 लाख 70 हजार रुपये की रकम बरामद कर ली गई। एसपी सिटी राजीव कुमार के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार पुत्र रामबाबू, निवासी काशीराम आवास टाउनशिप, थाना रिफाइनरी के रूप में हुई है।

फिलहाल थाना हाईवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। महज 48 घंटे के भीतर इस मामले का सफल खुलासा मथुरा पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर