Mathura Breaking: वॉल्वो बस-ट्रेलर में जा घुसी, 4 की मौत, 25 घायल, मची चीख-पुकार

Subscribe






Share




  • National News

योगेश खत्री/मनीष शर्मा 

मथुरा। 30 जून 2026

राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार वॉल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर के अंदर करीब 8 फीट तक धंस गया। दुर्घटना के बाद कई यात्री बस में ही फंस गए, जबकि एक युवक का शव बस की खिड़की से बाहर लटका मिला।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस की खिड़कियां और गेट तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। यह वॉल्वो बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी और इसमें कुल 65 यात्री सवार थे।

यह दुर्घटना राया थाना क्षेत्र में हुई। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की कोशिश मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि बस में मौजूद 40 सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के अनुसार हादसा राया कट से करीब दो किलोमीटर पहले हुआ। गिट्टी से भरा ट्रेलर (RJ 47 GA 8143) अपनी लेन में चल रहा था, तभी पीछे से आ रही गोला बस सर्विस की वॉल्वो बस (BR 28P 4723) अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बस का अगला हिस्सा करीब दो से ढाई मीटर, यानी लगभग 8 फीट तक क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना सुबह 3:35 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही 8 पीआरबी और 12 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया गया।

मथुरा जिला अस्पताल के डॉक्टर सुशील कुमार ने बताया कि अब तक हादसे में घायल जिन लोगों को अस्पताल लाया गया है, उनमें से कुछ गंभीर घायलों को आगरा रेफर किया गया है। कुछ घायल दिल्ली के निवासी हैं, जिन्हें भी आगे उपचार के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दो से तीन मरीजों की जांघ यानी थाई की हड्डी में फ्रैक्चर है, जबकि अन्य घायलों की हालत सामान्य बनी हुई है। 
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही और ओवरस्पीड हादसे का प्रमुख कारण सामने आया है।

हादसे में घायल एक यात्री ने बताया कि वह अपने पति और दो बच्चों के साथ लखनऊ से फरीदाबाद लौट रही थीं। उनके मुताबिक बस काफी तेज गति से चल रही थी। दुर्घटना से लगभग आधा घंटा पहले बस एक ढाबे पर रुकी थी। इसके बाद कुछ दूरी तय करने पर बस अचानक डगमगाने लगी। देखते ही देखते जोरदार टक्कर हुई और कई लोग अपनी सीटों से नीचे गिर पड़े। बाद में बस के पिछले हिस्से में बने इमरजेंसी गेट का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के साथ घायलों का हाल जानने पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन संख्या 111-112 के मध्य लखनऊ से चली डबल डेकर बस आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। 
बस का चालक बस को नहीं चला रहा था, परिचालक बस को तेज गति से चला रहा था। कंटेनर अपने निर्धारित लेन में चल रहा था। तेज गति के कारण बस उससे जा टकराई, जिससे चालक, परिचालक, क्लीनर और एक यात्री की मृत्यु हुई है। करीब 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनका उचित उपचार कराया जा रहा है। घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर