मथुरा- प्राचीन कुएं में कचरा और मांस अवशेष फेंकने का मामला, हंगामा, प्रशासन ने तत्काल कराई सफाई

Subscribe






Share




  • National News

मनीष शर्मा। मथुरा 30 मई 2026

कोतवाली छाता नगर क्षेत्र स्थित भगत सिंह पार्क के समीप एक प्राचीन एवं पूजनीय कुएं में कूड़ा-कचरा और मांस के अवशेष फेंके जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा नगर पंचायत की सहायता से कुएं की तत्काल सफाई कराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगत सिंह पार्क के पास स्थित प्राचीन कुएं में कुछ बच्चों द्वारा एक डिब्बे के माध्यम से कूड़ा-कचरा और मांस के अवशेष फेंके जाने की घटना सामने आई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस कार्य के पीछे कुछ असामाजिक तत्वों की भूमिका हो सकती है। घटना का वीडियो किसी स्थानीय नागरिक द्वारा रिकॉर्ड कर लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के नागरिकों और गोरक्षक दल के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया तथा बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित होने लगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीआरवी 112, कोतवाली छाता पुलिस तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया।

इसके बाद नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों को तत्काल बुलाया गया। प्रशासन की निगरानी में कुएं से दूषित सामग्री बाहर निकलवाई गई तथा पानी डालकर पूरे कुएं की सफाई और धुलाई कराई गई। सफाई अभियान के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई।

वहीं, जिन बच्चों पर कूड़ा-कचरा और मांस अवशेष कुएं में डालने का आरोप है, उनके परिजनों का कहना है कि बच्चों से यह कार्य अनजाने में और गलतीवश हो गया।

मामले पर जानकारी देते हुए उप जिलाधिकारी छाता, वैभव गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है तथा यदि किसी व्यक्ति की भूमिका शांति भंग करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने में पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें तथा क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर