मथुरा के जवान विपिन को नम आंखों से विदाई, झाँसी में हुआ था निधन

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा। 01 जून 2026

मथुरा जनपद के राया ब्लॉक स्थित पिरसुआ गांव के निवासी भारतीय सेना के जवान विपिन पुत्र तेजपाल का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जवान के निधन से गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल रहा।

विपिन वर्ष 2016 में आर्मी मेडिकल कोर में भर्ती हुए थे और वर्तमान में झांसी स्थित सी-1 मेडिकल कोर में तैनात थे। 29 मई को ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया था। निधन के तीन दिन बाद सोमवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी एकत्र हुए।

अंतिम संस्कार के दौरान सेना की टुकड़ी ने उन्हें सैन्य सलामी दी और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर आर्मी मेडिकल कोर के सूबेदार दिनेश सिंह सिकरवार, प्रमोद कुमार, मुकेश कुमार, देव समेत अन्य सैन्यकर्मी मौजूद रहे। सैन्य सम्मान के साथ विदाई के दौरान माहौल भावुक हो गया और परिजनों सहित उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

जवान विपिन अपने माता-पिता के चार बेटों में से एक थे। उनके बड़े भाई भगवान दास और छोटे भाई सुनील भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं, जबकि सबसे छोटे भाई राधाकृष्ण सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। करीब पांच वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और जुड़वां बच्चे—एक बेटा एवं एक बेटी—हैं। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा ने जवान के निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक व्यक्त किया और परिवार को सांत्वना दी। वहीं, श्री ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष अरविंद शर्मा, पूर्व चेयरमैन राकेश शर्मा, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर दिवंगत जवान को अंतिम विदाई दी।

यह भी देखें-

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर