व्यापारियों का फूटा गुस्सा, अधूरी सड़कों और अव्यवस्थाओं पर दी आंदोलन की चेतावनी

Subscribe






Share




  • States News

राम खत्री। मथुरा 08 मई 2026

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की वर्तमान कार्यकारिणी के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित नगर कार्यकारी बैठक में जहां बीते एक साल के कार्यों की समीक्षा की गई, वहीं नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापारियों में जबरदस्त रोष देखने को मिला। बैठक में शहर की अधूरी व जर्जर सड़कों को लेकर निगम के खिलाफ निर्णायक आंदोलन की हुंकार भरी गई। व्यापारियों ने पुराने बस अड्डे से होली गेट, होली गेट से आर्य समाज, होली गेट से भरतपुर गेट और मसानी से भूतेश्वर तक की सड़कों की बदहाल स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। आरोप लगाया गया कि निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने की। उन्होंने एक वर्ष के कार्यों की समीक्षा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया तथा नगर के सभी बाजारों, कॉम्प्लेक्स और मोहल्लों में व्यवसायिक समितियों के गठन की आवश्यकता बताई।

नगर महामंत्री शशिभानु गर्ग ने बताया कि वर्तमान में करीब पांच दर्जन क्षेत्रीय इकाइयां संगठन से जुड़ी हैं। उन्होंने इस वर्ष को “संगठन वर्ष” घोषित करते हुए 100 व्यावसायिक समितियों के गठन का लक्ष्य रखा और इसके लिए पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी देने की बात कही। साथ ही नगर कार्यालय को हाईटेक बनाने की योजना भी साझा की गई।
बैठक में विद्युत व्यवस्था को लेकर भी तीखी नाराजगी व्यक्त की गई। 
 वरिष्ठउपाध्यक्ष रामचंद्र खत्री और उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि गर्मी शुरू होते ही बिजली की आंख-मिचौनी बढ़ जाती है। शहर में कई स्थानों पर बिजली के खंभे और बॉक्स जर्जर हालत में हैं और अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े होते हैं।
वहीं, उपाध्यक्ष गुरमुख दास और सुनील साहनी ने पुराने बस अड्डे से होली गेट तक सड़क निर्माण के बाद भी फुटपाथ और नाली निर्माण न होने पर चिंता जताई। सहमहामंत्री श्री भगवान चतुर्वेदी और वरिष्ठ मंत्री विकास जिंदल ने भैंस बहोरा नाले के अधूरे निर्माण और शहर में जगह-जगह खुदाई को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों का कामकाज प्रभावित हो रहा है और लोगों को भी परेशानी हो रही है।

युवा व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और नगर मंत्री नागेंद्र वर्मा ने शहर में लगातार लगने वाले जाम की समस्या उठाई। उनका कहना था कि जाम के कारण ग्राहक बाजारों में नहीं पहुंच पाते, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही नगर आयुक्त से मिलकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। यदि समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इसी तरह विद्युत विभाग को भी चेतावनी दी गई कि सुधार न होने पर अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। जाम की समस्या को लेकर व्यापारी पुलिस अधीक्षक यातायात से भी मुलाकात करेंगे।

इस दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए नए दायित्वों की घोषणा की गई। नागरिक सुरक्षा संगठन के डिप्टी चीफ वार्डन कल्याण दास अग्रवाल को नगर उपाध्यक्ष, पंकज शर्मा को नगर संगठन मंत्री और सर्वेश शर्मा एडवोकेट को व्यापार मंडल के कानूनी प्रकोष्ठ का नगर संयोजक नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। बैठक में नगर उपाध्यक्ष एवं पार्षद चौधरी राजवीर सिंह, राज नारायण गौड़, रवि अग्रवाल मास्टर, मंत्री विजयवीर सिंह, गिरीश खंडेलवाल, प्रेम शंकर अग्रवाल, अश्वनी गर्ग, महेश चंद्र गुप्ता, दिनेश गर्ग, संगठन मंत्री उपेंद्र कुमार चतुर्वेदी, सचिन चतुर्वेदी, संजीव अग्रवाल, हरीश अग्रवाल, योगेंद्र कुमार, पूरन सिंह सविता, लक्ष्मण कालरा, जगत बहादुर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मीना लाल अग्रवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर