मथुरा- दो इनामी डकैत मुठभेड़ में ढेर, 23 अप्रैल को परिवार को बंधक बनाकर की थी लूट, कई थानों में दर्ज थे मुकदमे

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा। 07 मई 2026

मथुरा में 23 अप्रैल को किराना कारोारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में बाबरिया गिरोह के दो इनामी बदमाश ढेर कर दिए गए। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मारे गए आरोपियों की पहचान धर्मवीर उर्फ लंबू (35) और राजेंद्र उर्फ पप्पू (55) के रूप में हुई है। धर्मवीर राजस्थान के भरतपुर जिले के बोकाली गांव, थाना गहनौली मोड़ का रहने वाला था, जबकि राजेंद्र अलवर जिले के बहरोड़ क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर का निवासी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश अपने अन्य साथियों के साथ 23 अप्रैल की रात मथुरा के टैंटीगांव में कारोबारी अजय अग्रवाल के घर डकैती की वारदात में शामिल थे। रात करीब 12:30 बजे नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने अजय अग्रवाल, उनके पिता प्रेम प्रकाश अग्रवाल, पत्नी अनीता अग्रवाल और 6 वर्षीय बेटी उमा को रस्सियों से बांधकर लॉकर की चाबियां हासिल कीं। करीब ढाई घंटे तक घर में लूटपाट करने के बाद आरोपी तीन लाख रुपये से अधिक नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेत लगभग 20 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। जाते समय वे घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की DVR भी निकाल ले गए।

घटना के बाद एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देशन में बदमाशों की तलाश के लिए 17 पुलिस टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 500 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। करीब 10 जिलों में दबिश देने के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी यमुना एक्सप्रेस-वे के पास मौजूद हैं।

गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान दोनों आरोपी पल्सर बाइक पर आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा और हेड कांस्टेबल दुर्ग विजय भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक धर्मवीर पर मथुरा, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में डकैती, चोरी, छिनैती और हत्या के प्रयास समेत 16 मुकदमे दर्ज थे। वहीं राजेंद्र उर्फ पप्पू पर मथुरा, मेरठ, फिरोजाबाद, हरियाणा और दिल्ली में डकैती सहित 11 मामले दर्ज बताए गए हैं।

वहीं कारोबारी अजय अग्रवाल ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि घटना के बाद उनका परिवार लगातार डरा हुआ था, लेकिन दोनों बदमाशों के मारे जाने की खबर मिलने के बाद परिवार को राहत मिली है।

देखें वीडियो खबर-

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर