वृंदावन- आईपीएल जीतने के बाद प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचे विराट कोहली व पत्नी अनुष्का शर्मा

Subscribe






Share




  • National News

मथुरा। 02 जून 2026

आईपीएल में बड़ी सफलता हासिल करने के कुछ ही दिनों बाद भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार सुबह वृंदावन पहुंचे। यहां दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज और बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।

जानकारी के अनुसार, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा सुबह करीब 7 बजे वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे। दोनों चेहरे पर मास्क लगाए हुए कार से उतरे और नंगे पांव आश्रम के भीतर गए। आश्रम पहुंचने पर संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने उनका स्वागत किया।

दंपति करीब दो घंटे तक आश्रम में मौजूद रहे और संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। आश्रम से बाहर निकलते समय विराट कोहली के माथे पर चंदन और त्रिपुंड दिखाई दिया। उनके हाथ में एक पुस्तक भी नजर आई।

संत प्रेमानंद महाराज से मिलने के बाद विराट और अनुष्का पैदल ही करीब 150 मीटर दूर स्थित बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने हित गोविंद शरण महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इससे पहले दोनों इसी वर्ष 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर भी संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम आए थे। उस दौरान उन्होंने संत के दर्शन करने के साथ-साथ सत्संग में भी भाग लिया था।

वहीं क्रिकेट की बात करें तो विराट कोहली हाल ही में अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ आईपीएल खिताब जीतने के बाद चर्चा में हैं। आरसीबी ने 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरा आईपीएल खिताब अपने नाम किया था।

इस खिताबी मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने आईपीएल करियर की सबसे तेज अर्धशतकीय पारी खेली थी। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें फाइनल मैच में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500




अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर